अगर कड़ाके की ठंड में इस्तेमाल कर रहे हैं गैस गीजर…जरूर बरतें ये सावधानी

December 28, 2025 by No Comments

Share News

Gas Geyser Safety Tips: कड़ाके की ठंड से देश के अधिकांश हिस्से जूझ रहे हैं. सर्दी अपनी चरम पर है. घर से बाहर निकलने की हिम्मत जवाब दे रही है तो वहीं इस ठंड में नहाना तो मानो सबसे बड़ा युद्ध हो. यही वजह कि इस ठंड में गरम पानी ही सुकून देता है. ऐसे में अगर आपके बाथरूम में गैस गीजर का इस्तेमाल हो रहा है तो नीचे दी गई बातों को जरूर फॉलो करें क्योंकि जरा सी भी लापरवाही बड़े हादसे को न्योता दे सकती है.

दरअसल ठंड के मौसम में गैस गीजर का इस्तेमाल तेजी से बढ़ जाता है. तो वहीं गैस गीजर से जुड़ी तमाम घटनाएं भी इस मौसम में देखने को मिलती हैं. एक्सपर्ट की मानें तो गीजर को बंद बाथरूम में नहीं चलाना चाहिए. वेंटिलेशन की अनदेखी करना या पुराने उपकरण को नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है.

बिना गंध की होती है कार्वन मोनोऑक्साइड

एक्सपर्ट बताते हैं कि गैस गीजर से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस निकलती है जो कि बिना गंध की होती है. इसलिए खतरे का अंदाजा भी नहीं हो पाता. तमाम ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिसमें लोग बेहोश हो गए हैं और समय पर मदद न मिल पाने से तो बड़े हादसे के शिकार हो गए हैं. इसलिए जरूरी है कि गीजर इस्तेमाल करते समय कुछ बेसिक सेफ्टी नियमों को गंभीरता से पालन करें. क्योंकि जरा सी भी लापरवाही आपकी जान के लिए बड़ा खतरा बन सकती है. 

इन बातों का रखें ध्यान

अगर बाथरूम और किचन में गीजर लगा रहे हैं तो ध्यान रखें कि बाथरूम या किचन पूरी तरह से बंद न हो. जहां गीजर लगा हो वहां सही वेंटिलेशन होना बेहद जरूरी है. खिड़की या एग्जॉस्ट फैन होना जरूरी है ताकि गैस बाहर निकल सके.

बाथरूम का दरवाजा अंदर से पूरी तरह बंद करके गीजर चालू करने से बचे क्योंकि ये खतरनाक हो सकता है.

अगर किचन में गीजर लगा है, तो सिलेंडर और गीजर के बीच पर्याप्त दूरी रखें. पाइप और रेगुलेटर की स्थिति समय समय पर चेक करना भी जरूरी है.

गीजर को बहुत नीचे या सीधे शावर के ऊपर नहीं लगाना चाहिए. पानी के छींटे गैस लाइन या बर्नर तक पहुंच सकते हैं, जिससे लीकेज या आग लगने का खतरा रहता है.

मेंटेनेंस का रखें पूरा ध्यान

गीजर चालू करने से पहले ये देख लें कि गैस की गंध तो नहीं आ रही. अगर थोड़ा भी शक हो तो तुरंत गीजर बंद कर दें और खिड़की दरवाजे तुरंत खोल दें. साथ ही ये भी ध्यान रखें कि काफी वक्त तक लगातार गीजर चालू न रखें. साथ ही जितनी जरूरत हो उसी के हिसाब से ही इस्तेमाल करें. पुराने या खराब गीजर को नजरअंदाज न करें, क्योंकि जंग लगे पाइप और ढीले कनेक्शन से भी बड़ा खतरा हो सकता है. 

इस्तेमाल के बाद गैस नॉब बंद करना न भूलें. तो वहीं बच्चों को गीजर के पास अकेला बिल्कुल न छोड़ें. सही आदतें और समय पर जांच ही गैस गीजर से होने वाले हादसों को रोक सकती हैं. साल में कम से कम एक बार किसी टेक्नीशियन से सर्विस जरूर कराएं और ये ध्यान रखें कि गीजर की रिपेयरिंग खुद से न करने की कोशिश करें. 

ये भी पढ़ें-जॉनसन बेबी पाउडर के इस्तेमाल से 2 महिलाओं को हुआ कैंसर…अब कंपनी देगी ₹362 करोड़