Holi: नहीं छूट रहा है होली का रंग…करें ये आसान काम

March 14, 2025 by No Comments

Share News

Holi: होली के रंगों में सराबोर होना भला किसे नहीं पसंद लेकिन फिर इन रंगों को छुड़ाना बेहद मुश्किल हो जाता है. हालांकि जानकार बताते हैं कि रंग खेलने से पहले हमें नारियल का तेल पूरे शरीर और चेहरे पर लगा लेना चाहिए और पूरा शरीर ढका हो, ऐसे कपड़े पहनने चाहिए. हालांकि लोगों को चेहरे पर लगे रंग को छुड़ाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है.

केमिकल वाले रंग तो त्वचा को और भी खराब कर देते हैं. ये रंग स्किन और बालों के लिए नुकसानदायक होते हैं। दूसरे जब ये छूटते नहीं तो और भी मुसीबत का सबब बन जाते हैं. ऐसे में कुछ घरेलू उपाय की मदद से पक्के से पक्के रंगों को छुड़ाने में सहायता मिल सकती है. हालांकि तमाम पक्के रंग ऐसे होते हैं जो धीरे-धीरे ही जाते हैं.

जानकार बताते हैं कि हालांकि होली खेलने से पहले लोगों को या तो सरसों का या फिर नारियल का तेल या मॉइश्चराइजर क्रीम लगा लेना चाहिए और फुल स्लीव्स के कपड़े ही पहनने चाहिए लेकिन ये काम नहीं किया है तो कुछ घरेलू उपाय से रंग को छुटाने में मदद मिल सकती है. सोशल मीडिया पर आयुर्वेदाचार्य डॉ. आर. अचल पुलस्तेय का एक बयान वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने चेहरे पर लगे रंग को छुड़ाने के लिए घरेलू उपाय बताए हैं.

जानें आयुर्वेदाचार्य ने क्या दी है सलाह?

अगर चेहरे पर ज्यादा गहरा रंग लगा है तो थोड़ी सी यानी एक चुटकी हल्दी में नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बना लें। फिर इसे करीब 15 मिनट के लिए चेहरे पर लगाए रखें। इसके बाद धो लें। इससे रंग कुछ ही देर में छूट जाएगा।

नींबू, बेसन और दूध का पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाएं। इससे गाढ़े रंग को छुड़ाने में मदद मिलती है।

आयुर्वेदाचार्य कहते हैं कि हमेशा रंग लगे चेहरे को ताजे पानी से धोना चाहिए. गर्म पानी का कभी भी इस्तेमाल न करें। क्योंकि गर्म पानी से शरीर व चेहरे पर लगा रंग गाढ़ा हो सकता है और उसे छुड़ाना मुश्किल हो जाता है।

अगर चेहरे का रंग आसानी से नहीं साफ हो रहा है तो मुल्तानी मिट्‌टी का पेस्ट बनाने के बाद इसमें नींबू की कुछ बूंदें डालें और फिर इसे चेहरे पर करीब 15 मिनट के लिए अप्लाई कर दें. काफी हद तक रंग छूटा हुआ दिखाई देगा.

पका पपीता, बेसन और हल्दी का उबटन मिलाकर भी लगा सकते हैं.
मुल्तानी मिट्टी और दही का उबटन भी लगा सकते हैं.
खीरे को कद्दूकस करके बेसन में मिलाक उबटन लगाएं
दूध, हल्दी और जौ के आटे का बना उबटन भी लगा सकते हैं.
दूध के साथ ही बेसन और शहद, हल्दी का उबटन भी लगा सकते हैं.
संतरे का छिलका पीसकर उसमें बादाम का पेस्ट मिलाकर, बेसन व दही के साथ मिलाकर लगा सकते हैं.

नोट- यहां बता दें कि उबटन को 15 मिनट लगाने के बाद ताजे पानी से धो दें और किसी भी उपाय को यूज में लाने के बाद मॉइश्चराइजर लगाना बिल्कुल भी न भूलें.

बालों के लिए करें ये काम

अगर बालों में गीला रंग लग गया है तो सिर को पानी से अच्छी तरह धो लें. यानी बालों में फंसे रंग को पहले जितना हो सके पानी से धो कर साफ करें. इसके बाद जो आप शैंपू इस्तेमाल करते हों, उसे लगा लें.

अगर आसानी से बालों से रंग नहीं निकल रहा है तो एपल साइडर विनेगर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह रंग को हटाने के साथ-साथ सिर में होने वाली खुजली और इन्फेक्शन को भी कम करने में सहायक होता है. इसके लिए आप पहले एक मग पानी लें और फिर उसमें डेढ़-दो चम्मच विनेगर मिला लें. इसके बाद बाल धोएं लेकिन इसे पहले तीन-चार मिनट तक लगा रहने दें।

DISCLAIMER: ये खबर एक्सपर्ट की सलाह और सोशल मीडिया पर वायरल कुछ उपायों के आधार पर लिखी गई है. किसी भी उपाय को अपनाने से पहले अपने एक्सपर्ट से जरूर राय लें. इसकी पुष्टि खबर स्टिंग नहीं करता.

ये भी पढ़ें-Scorpion Venom: बिच्छू के एक लीटर जहर की कीमत सुन उड़ जाएंगे होश… जानें कहां होता है इसका इस्तेमाल?