ओलावृष्टि से टूटा इंडिगो विमान का अगला हिस्सा…यात्रियों में मची चीख-पुकार; डरा देने वाला Video वायरल

Share News

IndiGo Emergency Landing: नई दिल्ली से श्रीनगर जा रहे इंडिगो विमान के अंदर उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब मौसम खराब होने और ओलावृष्टि होने के कारण विमान के आगे का हिस्सा टूट गया और यात्रियों की जान पर बन आई. इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जो कि तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि यात्रियों में किस तरह से चीख-पुकार मची हुई है. लोग प्रार्थना कर रहे हैं.

फिलहाल लोगों की प्रार्थना भगवान ने सुन ली और विमान की आपात लैंडिंग कराई गई. घटना कल यानी बुधवार की है. खराब मौसम के कारण विमान बीच हवा में हिचकोले खाने लगा था। हालांकि, पायलट ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित किया और श्रीनगर हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात लैंडिंग करते हुए सभी 220 से अधिक यात्रियों को बचा लिया.

इंडिगो ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2142 को रास्ते में अचानक ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा। फ्लाइट और केबिन क्रू ने प्रोटोकॉल का पालन किया जिसके बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया। विमान के आगमन के बाद एयरपोर्ट की टीम ने यात्रियों की देखभाल की।

फिलहाल इस घटना को लेकर डीजीसीए ने जांच के आदेश दे दिए हैं तो वहीं एयरलाइन ने विमान को एओजी घोषित कर दिया है। यानी एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड का मतलब ऐसे विमान से है जो तकनीकी समस्याओं के कारण उड़ान भरने में असमर्थ है।

इसको लेकर भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बयान जारी कर जानकारी दी है कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई2142 को ओलावृष्टि के कारण टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। यानी उड़ान हिचकोले खाने लगी. ऐसे में कई बार उड़ान अपनी ऊंचाई से कुछ फीट नीचे भी आ जाती है लेकिन पायलट ने इस स्थिति में सूझबूझ से काम लिया और श्रीनगर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात स्थिति की सूचना दी और विमान शाम 6.30 बजे श्रीनगर में सुरक्षित उतर गया। चालक दल के साथ-साथ उड़ान में सवार सभी 227 यात्री सुरक्षित हैं।

सब तरफ उछल रहा था विमान

इंडिगो विमान में सवार यात्रियों के बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक यात्री ने बताया कि एक पल को तो लगा कि बस आज आखिरी समय आ गया है क्योंकि विमान अचानक ऊपर की ओर बढ़ा, फिर नीचे गिर गया। जम्मू या पठानकोट के पास पहुंचने तक आसमान साफ था। तभी चालक दल ने आगे रफी पैच की घोषणा की और हमसे अपनी सीटबेल्ट बांधने को कहा। हमारे सीट बेल्ट लगाने के कुछ ही देर बाद करीब पांच मिनट तक विमान सभी दिशाओं में भयानक रूप से उछलता रहा। एक अन्य ने बताया कि कभी ऊपर तो कभी नीचे आ रहा था. एक रोलरकोस्टर की तरह। एक यात्री ने कि ये भयानक अनुभव था. जब हम विमान से नीचे उतरे और क्षतिग्रस्त हिस्सा देखा तो और भी डर गए. इस यात्रा को हम कभी नहीं भूल पाएंगे. इसी के साथ ही सभी यात्रियों ने पायलट को धन्यवाद दिया.

बता दें कि जैसे ही यात्री विमान से नीचे उतरे उनको तुरंत अंदर ले जाया गया। मौके पर एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाएं पहले से ही तैयार मौजूद थी।

ये भी पढ़ें-‘राहुल गांधी अमर रहे…’ कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर लगा दिया गलत नारा, अब हो रही फजीहत-Video