अंडा खाने के बाद सीने में उठा दर्द-घबराहट…चंद मिनटों बाद 32 साल के युवक की मौत
Inodre News: इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के खातीपुरा इलाके से चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां 32 साल के युवक जिसका नाम संदीप है कि अचानक मौत होने से पूरे इलाके में मातम पसर गया है. बताया जा रहा है कि रोज की तरह संदीप जिम करने गया था और एक घंटे की कड़ी एक्सरसाइज के बाद वह अपने अंडे की दुकान पर पहुंचा और फिर वहां उसने हाफ फ्राय अंडा खाया और फिर चंद मिनट बाद ही उसकी मौत हो गई.
संदीप के परिवार में मां-पिता के अलावा पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं. तीन महीने पहले ही उसकी बेटी पैदा हुई थी और घर खुशियों से भरा था लेकिन इस खबर से घर में मातम पसर गया है. पत्नी रो-रोकर बेहाल हो गई है तो वहीं छोटे बच्चे अभी कुछ समझ भी नहीं पा रहे. पत्नी रो-रो कर बस एक ही बात कह रही है कि “मैंने तो कहा था आज मत खाओ अंडा, थक गए हो…” लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी…पड़ोसी और दुकान के ग्राहक भी इस खबर से सदमे में हैं और सब यही कह रहे हैं कि संदीप तो कितना फिट था और रोज जिम जाता था. उसे तो कई बीमारी भी नहीं थी. फिर क्या हुआ?
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, संदीप पिछले छह साल से रोज जिम जाता था और अपनी सेहत के प्रति बहुत ही सजग था.घटना मंगलवार की शाम को हुई. बताया जा रहा है कि जिम खत्म कर वह दुकान पर आया और अंडा बना कर खाया और फिर घर की ओर चल दिया. घर पहुंचते ही उसे सीने में तेज जलन और फिर घबराहट हुई. उसे एसिडिटी जैसा महसूस हुआ. फिर उसने सोचा शायद अंडा नुकसान कर गया. इस पर थोड़ी देर आराम करने के लिए लेट गया लेकिन उसकी हालत में सुधार होने के बजाए हालत बिगड़ गई.
सांस लेने में तकलीफ होने लगी. इस पर छोटा भाई तुरंत संदीप को गोद में उठा कर ऑटो से अस्पताल की ओर भागा लेकिन रास्ते में ही संदीप की सांसें थम गईं. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि उसे हार्ट अटैक आया था. तो वहीं परिवारवालों का कहना है कि वह रोज ही जिम के बाद अंडा खाता था लेकिन सब कुछ सही चल रहा था. फिर अचानक…? ये सवाल लगातार पिछले कई सालों से उठ रहे हैं. दरअसल कोरोना के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं जिसमें कोई डांस करते हुए तो कोई जिम में हार्ट अटैक का शिकार होते दिखाई दिया है. इसको लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है.
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
एक्सपर्ट का कहना है कि एक्सरसाइज के बाद शरीर में ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट बढ़ जाता है. इस पर अगर अचानक तला-भुना खा लिया तो हार्ट अटैक का खतरा बन सकता है. एक्सपर्ट कहते हैं कि हो सकता है कि संदीप को शायद पहले से कोई हार्ट की समस्या रही हो जिसके बारे में उसे जानकारी न हो और फिर लगातार जिम और डाइट का गलत कॉम्बिनेशन जानलेवा साबित हो गया हो. एक्सपर्ट कहते हैं कि फिटनेस के नाम पर अति न करें. जिम के बाद हल्का खाना खाएं और पानी ज्यादा पिएं. शरीर को आराम भी दें.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. इसी के बाद मौत की वजह साफ हो सकेगी. संदीप की मौत ने सैकड़ों युवाओं के लिए किसी सीख से कम नहीं है.
ये भी पढ़ें-मैं आज मर जाऊंगा… ऐसा धोखा…पत्नी के नाम रो-रो कर बनाया Video और फिर दी जान