महिला IPS ने डिप्टी CM को पहचानने से किया इंकार तो हो उठे आगबबूला-Video; जानें कौन हैं अंजना कृष्णा?

September 5, 2025 by No Comments

Share News

IPS Anjana Krishna Viral Video: महाराष्ट्र के सोलापुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में IPS अंजना कृष्णा किसी से तीखी बहस करती नजर आ रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरी ओर डिप्टी सीएम अजित पवार थे और अंजना ने उनको पहचानने से इंकार कर दिया. इसके बाद डिप्टी सीएम आगबबूला हो गए और फिर जमकर बहस हुई.

इस घटना के बाद से ही अंजना की हिम्मत और ईमानदारी की जमकर वाहवाही हो रही है और वह लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं.

जानें क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोलापुर के माढा तालुका के कुर्डू गांव में अवैध मुरुम खनन की शिकायतें मिल रही थीं. इस पर कार्रवाई के लिए DSP अंजना कृष्णा मौके पर पहुंची तो स्थानीय ग्रामीणों और NCP कार्यकर्ता बाबा जगताप उनसे बात करने लगे और फिर जगताप ने सीधे डिप्टी सीएम अजित पवार को फोन मिला कर बात करने को कहा. तो दूसरी ओर से अजित पवार ने फोन पर खुद को DCM अजित पवार बताते हुए कार्रवाई रोकने को कहा इस पर अंजना ने तुरंत जवाब देते हुए कहा कि मैं आपको नहीं जानती, कृपया अपने आधिकारिक नंबर से कॉल करें.

तुम्हारी इतनी हिम्मत कैसे हुई?

इतना सुनते ही अजित पवार भड़क गए और बोले-तुम पर कार्रवाई करूंगा, इतनी हिम्मत है तुम्हारी? मेरा चेहरा तो पहचानोगी ना. इसके बाद अजीत पवार ने वीडियो कॉल की और तहसीलदार से बात करने को कहा. इस तरह से ये बहस करीब तीन घंटे तक चली और इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जो कि चर्चा का विषय बना हुआ है.

ग्रामीणो का दावा

ग्रामीणों ने दावा किया है कि खनन ग्राम पंचायत की अनुमति से हो रहा था, लेकिन वो कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं दिखा सके. तो दूसरी ओर तमाम कहासुनी के बाद भी अंजना ने अपनी कार्रवाई जारी रखी. हालांकि इस मामले में अभी कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं की गई है. पूरे मामले को लेकर अंजना, तहसीलदार या प्रांताधिकारी व अजीत पवार की ओर से भी कोई बयान सामने नहीं आया है. केवल मामले की जांच चलने की बात कही गई है.

जानें कौन हैं अंजना कृष्णा

IPS अंजना कृष्णा 2023 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और उनका पूरा नाम अंजना कृष्णा वी.एस.है. वह वर्तमान में महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में करमाला की डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के पद पर तैनात हैं. उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2022-23 में AIR-355 हासिल किया था. उनके पिता बीजू एक साधारण कपड़े के व्यापारी हैं और मां सीना कोर्ट में टाइपिस्ट का काम करती हैं.

अंजना का जन्म केरल के तिरुवनंतपुरम में हुआ और वह मलयंकीजू की रहने वाली हैं. अंजना की शुरुआती पढ़ाई सेंट मैरीज सेंट्रल स्कूल पूजप्पुरा से हुई. पढ़ाई में वह हमेशा अव्वल रहती थीं. इसीलिए यूपीएससी की तैयारी शुरू की. उन्होंने HHMSPB NSS कॉलेज फॉर वुमेन नीरामंकरा, तिरुवनंतपुरम से BSc गणित में डिग्री हासिल की.

उन्होंने मलयालम साहित्य को वैकल्पिक विषय के तौर पर चुना और अंग्रेजी माध्यम में परीक्षा दी. वह अपनी ईमानदारी और तेज-तर्रार अंदाज के लिए जानी जाती हैं. उनके परिवार की पृष्ठभूमि साधारण है.

ये भी पढ़ें-त्योहारी सीजन से पहले मोदी सरकार का देश को तोहफा…GST कटौती के बाद जानें क्या-क्या हुआ सस्ता; देखें पूरी लिस्ट