Jaipur: राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू के स्वागत को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता चिल्ला पड़े एक-दूसरे पर, कहा नहीं लगाने हैं भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे, वीडियो हुआ वायरल, कांग्रेस ने ली चुटकी
जयपुर। राजग के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के स्वागत को लेकर जयपुर में भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच नोकझोंक हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भाजपा नेता ये भी कहते दिखाई दे रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे नहीं लगाना है। भारत माता की जय बोलो।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक वायरल वीडियो में भाजपा के राज्यसभा सांसद किरोडीलाल मीणा, जनजातीय जिलों के कुछ नेताओं और कार्यर्ताओं को इंट्री नहीं देने पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर को आड़े हाथों लिया और फिर जबरदस्त बहस हो गई। वीडियो में राठोर किरोड़ी को नरमी बरतने की सलाह देते हुए नजर आ रहे हैं। इसी बीच केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
बताया जा रहा है कि होटल क्लार्क आमेर में द्रौपदी मुर्मू का स्वागत कार्यक्रम रखा गया था, जहां उन्हीं नेताओं को प्रवेश दिया गया, जिनका पास जारी था। किरोड़ीलाल जनजातीय जिलों के कुछ नेताओं व कार्यर्ताओं के साथ स्वागत के लिए पहुंचे थे।
इसी बीच उनके साथ जा रहे मजदूरों को प्रवेश द्वार पर रोक दिया गया, जिससे वह भड़क गए। इसके बाद किरोड़ीलाल जनजातीय नेताओं को अंदर लेकर पहुंचे। इसी दौरान कुछ नेता भाजपा का झंडा लेकर घुसते नजर आए। इस पर गजेंद्र शेखावत ने झंडा बाहर रखने को कहा और भाजपा जिंदाबाद न बोलने की सलाह दी। इसी को लेकर किरोड़ी लाल और राजेंद्र राठौर के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद दोनों नेताओं ने स्थित को सामान्य बताया। किरोड़ीमल ने ट्वीट कर कहा कि राजेंद्र से कोई मतभेद नहीं है। जनजातीय मजदूरों को रोके जाने पर गुस्सा आना स्वाभाविक है। वहीं राजेंद्र ने कहा कि वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया है। मैं और किरोड़ी जी गत 30 सालों से दोस्त हैं। उन्होंने अपने विचारों को एक भाई के रूप में पूर्ण अधिकार और प्रेम के साथ प्रस्तुत किया।
दूसरी ओर कांग्रेस पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने वीडियो को शेयर करते हुए चुटकी ली और कहा कि हर कोई खुद को सीएम की कुर्सी में फिट करने का दावा कर रहा है और इसीलिए एक-दूसरे पर कीचड़ उछाल रहा है, जिससे पार्टी में अंदरूनी कलह बढ़ रही है।