Lucknow Accident: एक्सप्रेस-वे से 15 फीट नीचे खाई में गिरी बस… तीन की मौत; 45 गम्भीर रूप से घायल-Video

November 9, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow Accident: दीवाली के दूसरे दिन ही कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. दरअसल सोमवार सुबह थाना पारा क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट पर बस अनियंत्रित होकर 15 फीट नीचे खाई में पलट गई जिससे बस में सवार 03 यात्रियों की मौत हो गई है तो वहीं लगभग 45 यात्री बुरी तरह से घायल हो गए हैं.

सभी का इलाज जारी है. सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें साफ दिख रहा है कि हादसे में नवजात शिशु तक गम्भीर रूप से घायल हुए हैं.

हादसे के सम्बंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 07:15 बजे हुई. पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. प्रारम्भिक जांच में जानकारी सामने आई है कि बस संख्या BR-28P-4332 राजस्थान के बेवड़ (बेवड़ी) से लगभग 50-55 यात्रियों को लेकर छपरा, बिहार की ओर जा रही थी। इसी दौरान प्रातः करीब 07:00 बजे जीरो प्वाइंट पर बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, जिसमें कई यात्री बस के अंदर फंसकर घायल हो गए।

पुलिस के साथ ही घटनास्थल पर एसडीआरएफ, डीआरएफ एवं फायर सर्विस की टीम भी राहत कार्य में जुटी रही. सभी घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर एवं लोकबंधु अस्पताल भिजवाया गया।

मृतकों में अभी 02 की पहचान हो सकी है तो वहीं एक अज्ञात मृतक की पहचान के लिए पुलिस कोशिश कर रही है. बस को खाई से बाहर निकलवा दिया गया है। तो वहीं यात्रियों के सामान को सुरक्षित थाना पारा में रखवाया गया है और सामान्य चोटिल यात्रियों को भी आवश्यक सहायता के लिए थाने पर सुरक्षित बैठाया गया है.

मृतकों की जानकारी

1. शंकर रज्जक, उम्र करीब 63 वर्ष, निवासी छपरा, बिहार।
2. शामली राय, उम्र करीब 43 वर्ष, निवासी छपरा, बिहार।
3. एक अज्ञात पुरुष, उम्र करीब 35 वर्ष।

बस की पूरी जानकारी

बस संख्या – BR-28P-4332
चालक का नाम वीरेश ठाकुर, निवासी छपरा, बिहार।
गंतव्य – छपरा, बिहार।

ये भी पढ़ें-Delhi School: दिल्ली में अब हाइब्रिड मोड पर चलेंगे स्कूल…जानें क्या है वजह?