Lucknow: राजधानी के औद्योगिक क्षेत्रों की तमाम समस्याएं 10 जनवरी तक होंगी समाप्त, देखें मण्डलायुक्त ने GST को लेकर क्या दिए निर्देश
लखनऊ। मण्डलायुक्त डा. रोशन जैकब की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक मंगलवार को आयोजित की गयी। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र अमौसी, सरोजनी नगर, एवं बन्थरा में जल भराव की समस्या के सम्बन्ध में मण्डलायुक्त द्वारा एनएचएआई, यूपीसीडा, जल निगम, नगर निगम तथा लोक निर्माण विभाग को 10 जनवरी 2023 तक समस्या के समाधान के लिए अपर जिलाधिकारी, लखनऊ के साथ ज्वाइंट सर्वे करते हुए आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनपद रायबरेली में स्थित औद्योगिक आस्थान, लालगंज, सलोन एवं परसदेपुर के उद्यमियों द्वारा यूपीसीडा के स्तर से बढ़ा मेंटीनेंस चार्ज लिये जाने तथा यूपीसीडा द्वारा औद्योगिक आस्थानों में किसी प्रकार का कोई मेंटीनेंस सम्बन्धी कार्य न कराये जाने सम्बन्धी शिकायत के सम्बन्ध में मण्डलायुक्त द्वारा यूपीसीडा को अपने प्रबन्धन से समन्वय कर शीघ्र ही समस्या का निस्तारण कराये जाने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उपरोक्त औद्योगिक क्षेत्रों में उनके स्तर से कराये जाने वाले प्रस्तावित कार्यों से सम्बन्धित स्टीमेट 05 जनवरी 2023 तक उपलब्ध कराये जाने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक में उद्योग विभाग द्वारा संचालित रोजगार परक योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद, वित्त पोषण सहायता योजना की समीक्षा के दौरान मण्डल के अधीनस्थ समस्त अग्रणी जिला प्रबन्धक तथा उपायुक्त उद्योग विशेषकर जनपद उन्नाव को यथा आवश्यक मुख्य विकास अधिकारी/जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठकें आयोजित कराते हुए निर्धारित समयान्तर्गत आवंटित लक्ष्यों की शत् प्रतिशत् पूर्ति के लिए निर्देशित किया।
बैठक में एमएसएमई नीति-2017 के अन्तर्गत मण्डल के जनपदों से प्राप्त प्रस्तावों के क्रम में पूंजीगत ब्याज उपादान, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी छूट, राज्य जीएसटी की प्रतिपूर्ति, अवस्थापना ब्याज उपादान आदि की जानकारी देते हुए सम्बन्धित अधिकारियों की उपस्थिति में इस के लिए गठित समिति द्वारा पात्र इकाईयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट निर्गत किये जाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से शीलधर सिंह यादव, अपर आयुक्त, लखनऊ मण्डल, लखनऊ, हिमांशु कुमार, अपर जिलाधिकारी वित एवं राजस्व, लखनऊ कंचन सुबोध, संयुक्त आयुक्त उद्योग, सद्दाम हुसैन, एनएचएआई, पीआईयू लखनऊ, अभिषेक, उपायुक्त श्रम, लखनऊ, डा. यूसी शुक्ला, क्षेत्रीय अधिकारी, उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, लखनऊ, पीयूष मौर्या, अधिषाषी अभियन्ता, यूपी जल निगम, लखनऊ, मनोज कुमार चौरसिया, उपायुक्त उद्योग, लखनऊ,
मनीष पाठक, अग्रणी जिला प्रबन्धक, बैंक ऑफ इण्डिया, लखनऊ, राजीव कुमार पाण्डेय, अग्रणी जिला प्रबन्धक, बैंक ऑफ बड़ौदा, रायबरेली, जेपी सिंह, अग्रणी जिला प्रबन्धक, बैंक ऑफ इण्डिया, हरदोई, अनल कुमार, अग्रणी जिला प्रबन्धक, इण्डियन बैंक, सीतापुर अजय कुमार पाण्डेय, अग्रणी जिला प्रबन्धक, इण्डियन बैंक, लखीमपुर खीरी, निकिता, अग्रणी जिला प्रबन्धक, उन्नाव, रजत मेहरा, अध्यक्ष, अमौसी औद्योगिक एसोसियेशन, लखनऊ, वीरेन्द्र नाथ गुप्ता, एसोसियेशन चैम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्री, लखनऊ तथा अन्य अधिकारी, उद्यमी एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।