Lucknow: ढोल-नगाड़ों के साथ निकला साहिब श्री गुरूनानक देव जी महाराज का नगर-कीर्तन, दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर, आकर्षण का केंद्र रही नन्हीं बच्ची, देखें वीडियो, 8 नवम्बर को होगा लेजर शो
लखनऊ। रविवार (6 नवम्बर) को जगत गुरु साहिब श्री गुरूनानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व (जन्मोत्सव) पर एक भव्य नगर कीर्तन राजधानी के प्रमुख मार्गों पर निकाला गया। नगर कीर्तन की अगुवाई परम्परागत वेशभूषा से सुसज्जित पांच प्यारे अपने हाथों में खुली कृपाण लेकर कर रहे थे, जिनके पीछे फूलों से सुसज्जित भव्य पालकी साहिब को श्रद्धालुगण लेकर चल रहे थे। श्री गुरूग्रन्थ साहिब जी को ज्ञानी सुखदेव सिंह जी चांवर कर रहे थे। श्रद्धालुगण पालकी के आगे मार्ग की सफाई करके श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी की शाही सवारी के लिये मार्ग पर पुष्प बिछा रहे थे।
इन जगहों से निकला नगर कीर्तन
प्रभात फेरी इंचार्ज राजवन्त सिंह बग्गा, कुलवंत सिंह एवं कुलदीप सिंह सलूजा के नेतृत्व में गुरूद्वारा नाका हिण्डोला से चलकर यह नगर कीर्तन नाका हिंडोला चौराहा पहुँचा जहाँ सड़क के दोनों तरफ श्रद्धालुओं की भीड़ श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी के दर्शन के लिए खड़ी थी। चारबाग, गुरू नानक मार्केट, गौतम बुद्ध मार्ग, बांसमण्डी चौराहा, लाटुश रोड, श्री राम रोड, गनेश गंज, नाका हिंडोला होता हुआ गुरूद्वारा साहिब वापस पहुँचा जहाँ श्री गुरूग्रन्थ साहिब जी की शाही सवारी को ‘‘गार्ड ऑफ ऑनर’’ पेश किया गया। इस मौके पर नगर कीर्तन में सभी बड़ों के साथ एक नन्हीं बच्ची भी कदमताल मिलाकर चल रही थी, जो कि लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।

करतब ने मोहा मन
सम्पूर्ण मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा स्टाल लगाकर खीर, समोसे, बिस्कुट व चाय इत्यादि प्रसाद के रूप में वितरित किये गये। नगर कीर्तन में खालसा इंटर कॉलेज के छात्रों द्वारा विशेष रूप से मार्शल आर्ट के करतब और जूडो पर आधारित युद्ध कला का प्रदर्शन किया गया जिसमें अनेक छात्रों ने हिस्सा लिया और अपने प्रदर्शन से देखने वाले लोगों का मन मोह लिया। इसी तरह गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज चंदर नगर की छात्राओं ने भी मनमोहक बैंड के साथ अपनी प्रस्तुति दी और जिन्हें श्रद्धालुओं से बहुत वाह वाही मिली । दीवान हाल में रागी जत्था भाई राजिन्दर सिंह जी द्वारा गुरबाणी कीर्तन के बाद ज्ञानी सुखदेव सिंह जी ने कथा व्याख्यान किया। अरदास के उपरान्त समूह साध संगत में गुरू का लंगर वितरित किया गया।
महामंत्री हरमिन्दर सिंह टीटू ने बताया कि इस नगर कीर्तन में कई निष्काम जत्थे बंदियों सिख यंग मैन्स एसोसियेशन, दशमेश सेवा सोसाइटी,सिमरन साधना परिवार,दशमेश सेवा दल,सुखमनी साहिब सेवा सोसाइटी,माता गुजरी सत्संग सभा,सिख सेवक जत्था,यूथ खालसा एसोसियेशन,पंजाबी यूथ एसोसियेशन के अतिरिक्त लखनऊ स्थित सिंह सभाओं ने हिस्सा लिया। बैण्ड बाजों के साथ गुरूनानक गर्ल्स इण्टर कालेज,गुरूनानक विद्यालय चन्दर नगर की छात्राओं एवं खालसा इण्टर कालेज के छात्रों एवं छात्राओं ने पहली बार नगर कीर्तन में रंगा रंग कार्यक्रम पेश कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया लिया। 3 यू0पी0 नवल यूनिट एन0 सी0 सी0 100 कैडेट ने भाग लिया।
7 और 8 नवम्बर को इस तरह होंगे कार्यक्रम
लखनऊ गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा ने साहिब श्री गुरू नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व (जन्मोत्सव) को लेकर जानकारी दी कि दिनांक 07.11.2022 सांय 6.00 बजे से 10.00 बजे तक गुरूद्वारा नाका हिण्डोला दिनांक 08.11.2022 को प्रातः 5.30 बजे से सांय 4.00 बजे तक डीएवी इंटर कालेज एैशबाग रोड एवं शाम का दीवान सांय 6.00 बजे से 10.00 बजे तक गुरूद्वारा नाका हिण्डोला, लखनऊ में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। नवम्बर माह में गुरूद्वारा साहिब के 125 वर्ष सम्पूर्ण होने पर एक लेजर, साऊंड एवं स्टेज शो के कार्यक्रम का आयोजन दिनांक- 08.11.2022 को रात्रि 7.00 से 9.30 बजे तक डीएवी इंटर कालेज में किया गया है। जिसमें ताल गुरु प्रोडक्शन पटियाला के कलाकारों द्वारा गुरु नानक देव जी महाराज की शिक्षाओं पर आधारित लाइट, साउंड ,लेजर और स्टेज शो प्रस्तुत किया जाएगा।
स्टेज सेक्रेट्ररी सतपाल सिंह मीत ने बताया कि इस अवसर समागम में प्रसिद्ध रागी जत्था भाई सुखवंत सिंह जी, श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर, भाई गुरचरन सिंह रसिया पटियाला वाले, भाई सुरजीत सिंह कानपुर वाले, विशेष रूप से पधार रहे हैं। गुरू का लंगर भी हजारों श्रद्धालुओं में वितरित किया जायेगा।