Lucknow News: मुख्यमंत्री आवास से 500 मीटर दूर पेड़ पर फंदा व माइक लेकर चढ़ा युवक, बोला हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वालों को वोट क्यों दें, योगी से मिलने का मांग, देखें पूरा मामला
लखनऊ। मुख्यमंत्री आवास से करीब 500 मीटर दूर गौतमपल्ली इलाके में एक युवक फंदा और माइक लेकर पेड़ पर चढ़ गया। उसने गले में फंदा डाल रखा था और माइक लेकर मुख्यमंत्री से मिलवाने की जिद कर रहा था। पेड़ से वह कुछ पर्चे फेंक रहा था। जिस पर लिखा था कि हिंदू-देवी देवताओं का जो अपमान करें हम उसे वोट क्यों दें।
इस घटना की चर्चा फैलते हुए पेड़ के पास भीड़ जुट गई। इंस्पेक्टर गौतमपल्ली सुधीर कुमार, एसीपी हजरतगंज अरविंद कुमार वर्मा व अन्य पुलिस कर्मी भी आनन-फानन में पेड़ के पास पहुंचे। पुलिस ने युवक के द्वारा फेंके गए पर्चे उठाए। माइक लेकर मान मनौव्वल की। मुख्यमंत्री से मिलवाने का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे की मान मनौव्वल के बाद उसे नीचे उतार लिया गया। पुलिस उसे लेकर थाने चली गई। एसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि वह मुजफ्फरनगर के मौराकला हिलौली का रहने वाला कल्लू है। बताया जा रहा है कि युवक के पास पीएम मोदी, सीएम योगी और दिल्ली के सीएम केजरीवाल की फोटो भी थी। फिलहाल पुलिस ने इस बात से इंकार किया है कि उसने ये कहा कि देवी-देवताओं का अपमान करने वालों को वोट क्यों दें।
ये मांग की
इंस्पेक्टर गौतमपल्ली के मुताबिक कल्लू ने बताया कि उसे गांव में मकान बनवाने के लिए पट्टे की जमीन चाहिए। वह मकान बनवाना चाहता है। पर जमीन नहीं मिल रही है। कल्लू ने मुजफ्फरनगर में अपनी तहसील अथवा जिलाधिकारी के पास फिलहाल कोई प्रार्थनापत्र इस सम्बंध में नहीं दिया है। न ही अब तक कभी सीएम से मिलने के लिए कोई अर्जी लगाई थी। घरवालों से बात की गई तो पता चला कि कल्लू को हाइपर टेंशन की बीमारी है। उसका इलाज भी चल रहा है। मुजफ्फरनगर पुलिस को सूचना दे दी गई है।