Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय को NIRF- 2025 रैंकिंग में मिला ये स्थान

September 4, 2025 by No Comments

Share News

Lucknow University In NIRF 2025 Ranking: शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) 2025 में लखनऊ विश्वविद्यालय ने अपनी मज़बूत मौजूदगी दर्ज कराई है। विश्वविद्यालय ने लगातार दूसरे साल देश के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में जगह बनाते हुए 98वाँ स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष यह 97वें पायदान पर था।

सबसे बड़ी उपलब्धि राज्य स्तरीय सार्वजनिक विश्वविद्यालयों की श्रेणी में रही, जहाँ लखनऊ विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए 32वें स्थान से छलांग लगाकर इस वर्ष 27वाँ स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि ने विश्वविद्यालय को उत्तर प्रदेश के गैर-तकनीकी राज्य विश्वविद्यालयों में शीर्ष स्थान दिला दिया है।

कानून (लॉ) श्रेणी में भी विश्वविद्यालय ने अपनी स्थिति को मज़बूती दी है और 29वीं रैंक हासिल की है। वहीं, प्रबंधन (मैनेजमेंट) श्रेणी में पहली बार भागीदारी करते हुए विश्वविद्यालय ने 100वाँ स्थान प्राप्त कर नई शुरुआत की है। यह इस बात का संकेत है कि लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रबंधन कार्यक्रम उद्योग और वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप अपना स्थान बना रहे हैं।

कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा, “हमें खुशी है कि इस वर्ष विश्वविद्यालय, राज्य वित्तपोषित और विधि श्रेणी में हमने अपने अंक बेहतर किए हैं। भविष्य में और ऊँची रैंकिंग के लिए हम लगातार प्रयास करते रहेंगे। एनआईआरएफ रैंकिंग में हमारी प्रगति हमारे शिक्षकों की निष्ठा, विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता और संस्थान की दूरदर्शिता का परिणाम है। हम अकादमिक गुणवत्ता और नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित हैं।”

इन नतीजों ने एक बार फिर यह साबित किया है कि लखनऊ विश्वविद्यालय न केवल राज्य, बल्कि देश की उच्च शिक्षा संस्थाओं में भी अपनी जगह लगातार मज़बूत कर रहा है।

ये भी पढ़ें-Vamana Jayanti 2025: अहंकार खत्म करने के लिए वामन जयंती पर करें इन चीजों का दान