Lucknow University: दो छात्रों को मिला 11 लाख का पैकेज, कुलपति ने इस तरह दी बधाई
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल द्वारा प्राप्त उत्कृष्ट रोजगार अवसर में विश्वविद्यालय के दो छात्रों का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मानव संसाधन कंपनी एडेको इंडिया में होने के बाद विश्वविद्यालय में हर्ष की लहर दौड़ गई है. तो वहीं इस खुशी के पल में आज वीसी कार्यालय में कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय द्वारा चयनित छात्रों (हिमांशु मॉल एवं करण सिंह मानरल) को सम्मानित किया गया।
इसी के साथ ही कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने छात्रों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, “चयनित छात्रों ने यह सिद्ध किया है कि जब लक्ष्य ऊँचा हो, मेहनत सच्ची हो और आत्मविश्वास अटूट हो, तो कोई भी सपना दूर नहीं रहता। यह चयन मात्र एक उपलब्धि नहीं, बल्कि नई चुनौतियों को आत्मविश्वास से स्वीकार करने और सीमाओं को लांघने की प्रेरणा है। विश्वविद्यालय के समस्त विद्यार्थी अपनी क्षमताओं को पहचानें, निरंतर सीखते रहें और अपने अथक प्रयासों से न केवल स्वयं का, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें।
प्लेसमेंट सेल ने दी ये जानकारी
प्लेसमेंट सेल के अतिरिक्त निदेशक डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने जानकारी दी कि चयन प्रक्रिया में रिज्यूमे शॉर्टलिस्टिंग, एप्टिट्यूड टेस्ट, हैकथॉन, टेक्निकल इंटरव्यू एवं एच.आर. इंटरव्यू चरणों को सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए अभियांत्रिकी संकाय के अंतिम वर्ष के बी.टेक (कंप्यूटर साइंस) के छात्र हिमांशु मॉल तथा एम.सी.ए. अंतिम वर्ष के छात्र करण सिंह मानरल का चयन सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर हुआ। चयनित छात्रों को 11 लाख रुपये वार्षिक का आकर्षक वेतन पैकेज प्राप्त हुआ है।
उन्होंने अपने बयान में आगे बताया, “एडेको ग्रुप एक स्विस-फ्रेंच बहुराष्ट्रीय कंपनी है जिसका मुख्यालय ज्यूरिख़, स्विट्ज़रलैंड में स्थित है। यह विश्व की दूसरी सबसे बड़ी मानव संसाधन प्रदाता और अस्थायी स्टाफिंग कंपनी है। एडेको फॉरच्युन ग्लोबल 500 में शामिल है और सिक्स स्विस एक्सचेंज पर सूचीबद्ध है।
इसी के साथ ही अभियांत्रिकी संकाय के डीन प्रो. ए. के. सिंह एवं केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएँ दीं.