“तुम्हें रेत में गड़वा दूंगा…” बुजुर्ग पुजारी पर बरसे IAS अधिकारी; युवक को जड़ा थप्पड़-Video
Madhya Pradesh Narsinghpur Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें IAS अधिकारी जिला पंचायत के सीईओ गजेंद्र सिंह नागेश एक युवक को थप्पड़ जड़ते नजर आ रहे हैं तो साथ ही ये भी कह रहे हैं कि तुम्हें रेत में गड़वा दूंगा, जितना ऊपर दिख रहे हो उतना ही अंदर करवा दूंगा. बताया जा रहा है कि बात उन्होंने बुजुर्ग पुजारी कैलाश चंद्र मिश्रा से कही.
दरअसल ये मामला मध्य प्रदेश के बरमान रेत घाट नरसिंहपुर का है. यहां पर लगातार नर्मदा के पावन बरमान घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बरमान घाट पर गंदगी और अव्यवस्था की शिकायत मिलने के बाद सीईओ गजेंद्र सिंह नागेश निरीक्षण पर पहुंचे थे. इसी दौरान एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को अगर ध्यान से सुनें तो अधिकारी कह रहे हैं कि नर्मदा में युवक ने पेशाब क्यों की. इस पर युवक और पुजारी कहते हैं कि शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है. इसी के बाद अधिकारी युवक को थप्पड़ मार देते हैं और पुजारी को भी भला-बुरा कहते हैं.
पुजारी कैलाश चंद्र मिश्रा:- साहेब शौचालय नहीं है इसलिए लोग यहीं खुले में पेशाब कर देते हैं।
IAS गजेंद्र नागेश (जिला पंचायत सीईओ) :- तुम्हें रेत में गड़वा दूंगा, जितना ऊपर दिख रहे हो उतना ही अंदर करवा दूंगा।
अब बताइए ये अपने पिता की उम्र के बुजुर्ग के लिए ऐसी भाषा का उपयोग तो… pic.twitter.com/HfMIv1Bi94
— Shubham Shukla (@Shubhamshuklamp) December 30, 2025
प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाया आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने के बजाय अधिकारी ने युवक को मौके पर थप्पड़ मार दिया. यही नहीं उसकी दुकान हटाने का निर्देश देते हुए दोबारा घाट क्षेत्र में दिखाई न देने की चेतावनी भी दी. इससे युवक की रोजी-रोटी छिन गई है.
पुजारी ने लगाए ये गंभीर आरोप
घाट के वरिष्ठ पुजारी कैलाश चंद्र मिश्रा ने इस घटना को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मीडिया को दिए बयान में कहा है कि जब उन्होंने घाट पर सुलभ शौचालय और मूलभूत सुविधाओं की कमी बताई तो सीईओ ने उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया. उनको सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और दंड बैठक के लिए मजबूर किया गया. वह बोले कि अधिकारी के इस व्यवहार से उनकी धार्मिक गरिमा को ठेस पहुंची है. तो वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है और लोग अधिकारी के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं.
सीईओ ने सफाई में कही ये बात
तो वहीं इस मामले का वीडियो वायरल होते और मामले को तूल पकड़ता देख नरसिंहपुर जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह नागेश ने कहा कि वह नर्मदा भक्त हैं और नर्मदा तट की स्वच्छता उनके लिए आस्था का विषय है और नर्मदा तट पर किसी भी तरह की लापरवाही या गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वह बोले कि वर्तमान में घाटों की साफ-सफाई के लिए पूरा जनमानस श्रमदान कर रहा है. अगर फिर भी गंदगी की जाती है तो सख्ती बरती जाएगी. हमें नर्मदा को पवित्र बनाए रखने के लिए काम करना होगा.
ब्राह्मण सभा ने किया विरोध
ब्राह्मण सभा के साथ ही अन्य सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है. संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा. तो दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी लोग अधिकारी का विरोध कर रहे हैं और शासन से उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें-New Year 2026: शानदार रहेगा साल 2026…अगर आपका मूलांक है ये…