क्रेन में बुरी तरह से फंसे भाजपा सांसद… गुस्से में ऑपरेटर को जड़ा थप्पड़; कांग्रेस ने की ये मांग; Video वायरल

October 31, 2025 by No Comments

Share News

Sardar Vallabhbhai Patel 150th jayati: आज देश भर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को भाजपा पूरे देश में एकता दिवस के रूप में मना रही है. इसको लेकर देश के तमाम हिस्सों में रन फॉर यूनिटी (Run for Unity) कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसी दौरान मध्यप्रदेश के सतना में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान सांसद गणेश सिंह क्रेन में फंस गए. मशीन के अटक जाने की वजह से उनका असंतुलन बिगड़ गया. इस पर नाराज सांसद ने ऑपरेटर का पहले हाथ खींचा और फिर उसे जोरदार थप्पड़ जड़ दिया.

सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ऑपरेटर उनको बाहर निकालने के लिए मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाता है लेकिन सांसद महोदय उसका हाथ पकड़ कर बाहर निकलने की बजाए उसके हाथ को अपनी ओर खींचते हैं और सबके सामने उसे जोरदार थप्पड़ जड़ देते हैं. इसी पूरे मामले से सियासत गर्म हो गई है और कांग्रेस इस पूरे मामले में बीच में कूदते हुए सांसद से माफी मांगने की मांग की है.

कांग्रेस का कहना है कि घटना के समय मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे लेकिन किसी ने सांसद को थप्पड़ मारने से नहीं रोका. इससे साफ होता है कि भाजपाई “अहंकार” में डूब गए हैं. सोशल मीडिया पर कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा का बयान वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा एक कर्मचारी को चांटा मारना बताता है कि भाजपाई किस तरह से दंभ और अहंकार में हैं. इसकी कांग्रेस पूरी तरह से निन्दा करती है. सतना सांसद को अपने इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से उस कर्मचारी से माफी मांगनी चाहिए.

जानें क्या है मामला?

दरअसल शुक्रवार यानी आज सरदार पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन सतना के सेमरिया चौक में किया गया था. इस दौरान बीजेपी सतना सांसद गणेश सिंह डा. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण के लिए नगर निगम की हाइड्रोलिक क्रेन (चेरी पिकर) के बॉक्स में चढ़ गए. यह वही क्रेन है जिसका इस्तेमाल बिजलीकर्मी करते हैं. माल्यार्पण के बाद गणेश सिंह नीचे आ रहे थे. तभी क्रेन झटके के साथ रुक गई और सांसद महोदय का संतुलन बिगड़ गया जिससे वह कुछ देर के लिए हवा में ही अटके रहे. इसी दौरान नीचे जब आए तो वह निकलने की कोशिश करने लगे लेकिन इसी दौरान क्रेन ने एक बार और झटका खाया जिससे उनका गुस्सा बढ़ गया और जैसे ही क्रेन ऑपरेटर सांसद जी के पास पहुंचा उन्होंने उसे झन्नाटेदार थप्पड़ जड़ दिया. सांसद महोदय की इस हरकत से उनकी जमकर किरकिरी हो रही है.

ऑपरेटर का बयान

इस मामले में नगर निगम मस्टर कर्मी ऑपरेटर गणेश कुशवाहा का बयान भी सामने आया है. ऑपरेटर ने कहा है कि हाइड्रोलिक क्रेन के केबिन की क्षमता अधिकतम दो लोगों (या 125 किलो) की होती है लेकिन माल्यार्पण के दौरान राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के साथ ही सांसद गणेश सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पांडेय यानी तीनों लोग एक साथ केबिन में चढ़ गए थे. इसी वजह से मशीन बिगड़ गई. ऑपरेटर ने दावा किया कि उसने पहले ही वजन अधिक होने पर आपत्ति जताई थी लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी.

ये भी पढ़ें-Mumbai: ऑडिशन के नाम पर एक दर्जन से अधिक किशोरों को बंधक बनाने वाला मारा गया…जानें Video में क्या बोला आरोपी रोहित आर्या, पूर्व शिक्षामंत्री से जुड़ा कनेक्शन?