Mainpuri By-election 2022: अब ससुर के “घर” में बहू की परीक्षा, “आशीर्वाद” की उम्मीद
मैनपुरी उपचुनाव। ससुर के घर में अब बहू की परीक्षा होने जा रही है। अब तो देखना ये है कि बहू को आशीर्वाद मिलता है या नहीं। फिलहाल बहू डिंपल ने सोमवार को मैनपुरी उपचुनाव (Mainpuri By-election) के लिए पर्चा भरकर मैदान में उतर गई हैं। पर्चा भरने के बाद उन्होंने मैनपुरी के लोगों पर भरोसा जताते हुए कहा है कि उम्मीद है कि मैनपुरी के लोग समाजवादी पार्टी को आशीर्वाद देंगे। तो वहीं डिम्पल के पति पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव के नाम पर लोगों से आशीर्वाद देने की अपील की है।
बता दें कि मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसम्बर 2022 को होने वाले उपचुनाव के लिए डिंपल यादव ने नामांकन कर दिया है। नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव ऐसे में होने जा रहा है जब नेताजी (मुलायम सिंह यादव) हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने मैनपुरी की जनता से नेताजी के नाम पर ऐतिहासिक जीत दिलाने की अपील की। वहीं डिंपल यादव ने कहा कि नेताजी का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ है। डिंपल के नामांकन में शिवपाल सिंह यादव के शामिल को टालते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा परिवार साथ है।
नामांकन से पहले डिंपल और अखिलेश ने सैफई में मुलायम सिंह यादव के समाधि स्थल पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और आशीर्वाद लिया। वहीं कलेक्ट्रेट में डिंपल यादव ने चाचा रामगोपाल यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिए। नामांकन के बाद प्रेम कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी की जनता से नेताजी का सीधा-सीधा लगाव रहा है। नेताजी की शुरुआत और राजनीति के क्षेत्र में संघर्ष यहीं मैनपुरी में यहां की जनता के साथ रहा। आज जब नेताजी हमारे बीच में नहीं हैं मैं मैनपुरी की जनता से यही अपील करना चाहता हूं कि नेताजी के बताए हुए रास्ते पर हम सब चलें। जिस राजनीतिक, सामाजिक सम्मान के साथ नेताजी ने आर्थिक लड़ाई लड़ी है उसे आगे बढ़ाने का काम समाजवादी पार्टी करेगी। डिंपल यादव यहां से प्रत्याशी हैं और मुझे पूरा भरोसा है कि यहां की जनता एक बार फिर नेताजी के नाम पर उन्हें ऐतिहासिक वोटों से जिताएगी।
इस मौके पर डिंपल यादव ने कहा कि मैनपुरी ने नेताजी को पहचान दी और नेताजी ने मैनपुरी को पहचान दी। नेताजी का आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ रहा है। मुझे उम्मीद है कि मैनपुरी की जनता का आशीर्वाद भी समाजवादी पार्टी के साथ रहेगा, आने वाले दिनों में। बता दें कि मैनपुरी मुलायम सिंह यादव का गढ़ अर्थात घर माना जाता रहा है। तो अब उनके न रहने पर उनकी बहू के हाथों में यहां की कमान दी गई है तो देखना काफी दिलचस्प होगा कि क्या जनता उतना ही प्यार बहू को देती है, जितना ससुर को मिला था।
अखिलेश ने बताई प्रचार की रणनीति
प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने शिवपाल सिंह यादव के नामांकन में मौजूद न रहने के सवाल को कई बार टालने की कोशिश की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नेताजी के निधन से दुखी होने के चलते केवल प्रस्तावकों और बहुत कम समर्थकों के साथ नामांकन किया है। उन्होंने दावा किया कि पूरा परिवार साथ है और आने वाले दिनों में सब मिलकर चुनाव प्रचार करेंगे। बता दें कि आज शिवपाल सिंह यादव लखनऊ में अपनी पार्टी के कार्यालय पर मौजूद रहे। वह डिंपल के नामांकन के लिए मैनपुरी नहीं पहुंचे। इस मौके पर अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में तेजप्रताप के टिकट के सवाल को भी टाल दिया। उन्होंने सवाल पूछने वाले पत्रकार से मुस्कुराते हुए कहा, ‘आप मैनपुरी के हैं…।’ उन्होंने कहा कि तेजप्रताप बगल में बैठे हैं, आपको उन्हीं से पूछना चाहिए। इस पर अखिलेश के साथ-साथ तेजप्रताप भी मुस्कुरा दिए। (फोटो-एएनआई)