Montha Cyclone: ट्रेनें-फ्लाइट्स कैंसिल…इन शहरों में स्कूल भी बंद…चक्रवात ‘मोंथा’ का खतरा; तूफान के रोंगटे खड़े कर देने वाले Videos वायरल

October 28, 2025 by No Comments

Share News

Montha Cyclone: कल से ही उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के मौसम में अचानक बदलाव देखा जा रहा है. इसकी वजह चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ है जो कि तेजी से आंध्र प्रदेश की तटों की ओर आगे बढ़ रहा है और यही वजह है कि कई शहरों की ट्रेनें और फ्लाइट्स को कैंसिल करने के साथ ही स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है.

मंगलवार शाम को मछलीपट्टनम और कालिंगपट्टनम के बीच काकिनाड़ा के नजदीक ये तूफान समुद्री तटों से टकराएगा. इसके लिए चेतावनी जारी कर दी गई है और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीम सभी प्रभावित इलाकों में तैनात कर दी गई है.

इसको लेकर भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सुबह 9:30 बजे अपडेट जारी कर कहा था कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर मौजूद मोंथा पिछले छह घंटों में 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में चला और गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है. हवा की गति 90-100 किमी प्रति घंटे रहेगी और इसके झोंके 110 किमी तक पहुंच सकते हैं. यह उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में चलता रहेगा और मंगलवार शाम-रात में आंध्र तट पार करेगा.

सबसे अधिक आंध्र प्रदेश में खतरा

आईएमडी के महानिदेशक डॉ. एम मोहापात्रा का बयान तूफान को लेकर वायरल हो रहा है. इस बयान में उन्होंने कहा कि तट से टकराने के बाद मोंथा की रफ्तार थोड़ी कम होगी और यह ओडिशा की ओर बढ़ेगा लेकिन सबसे अधिक आंध्र प्रदेश को प्रभावित करेगा होगा, फिर ओडिशा और उसके बाद छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगा. मौसम विभाग के मुताबिक इसकी वजह से 28 से 30 अक्टूबर तक आंध्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में भारी बारिश जारी रहेगी.

चेतावनी जारी

चक्रवात को लेकर चेतावनी जारी की गई है और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है साथ ही मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.  तटीय इलाकों के लोगों को राहत शिविरों में भेजा जा रहा है साथ ही सभी बीच पर्यटकों के लिए बंद कर दिए गए हैं. तो वहीं ओडिशा सरकार ने संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालवा लिया है. इसके अलावा मौसम विभाग ने आठ दक्षिणी जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है. फिलहाल यहां पर अभी हल्की बारिश शुरू हो चुकी है और सभी जिले अलर्ट पर हैं, अगर तूफान का रास्ता बदला तो तुरंत कार्रवाई होगी.

यहां बंद रहेंगे स्कूल

मौसम विभाग के मुताबिक, रायलसीमा, तमिलनाडु, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की सम्भावना है. इन राज्यों में तूफान से प्रभावित संभावित जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आंध्र प्रदेश और ओडिशा की सरकारों ने दो-तीन दिन के लिए स्कूलों में छुट्‌टी घोषित कर दी है.

इस तरह से आंध्र प्रदेश में 27 से 31 अक्टूबर को कई जिलों में छुट्‌टी की घोषणा की गई है तो वहीं ओडिशा में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल बंद रहेंगे. इस तूफान की तीव्रता को देखते हुए तमिलनाडु में भी स्कूल बंद रखने का ऐलान किया गया है. साथ ही चेन्नई मेट्रो क्षेत्र के कुछ हिस्से भी शामिल हैं. स्थानीय प्रशासन ने निचले और तटीय इलाकों में स्थित स्कूलों और कुछ कॉलेजों को अस्थायी छुट्टियां देने का फैसला किया है.

एनडीआरएफ तैनात

तूफान की तीव्रता को देखते हुए सरकार ने पांच राज्यों आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पुडुचेरी, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में 22 एनडीआरएफ टीमों की तैनाती की है. स्कूलों को भी बंद करने का निर्देश जारी किया गया है. दक्षिण मध्य रेलवे और पूर्वी तट रेलवे ने अगले दो दिनों के लिए 100 से ज्यादा ट्रेनें रद कर दी हैं. फ्लाइट पर भी मोंथा चक्रवात का असर पड़ा है। इस वजह से एहतियातन कई फ्लाइट्स रद कर दी गईं हैं तो वहीं प्रभावित इलाकों में ट्रेने भी कैंसिल रहेंगी. साथ ही सभी निचले इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा है.

ये भी पढ़ें-विधायक रहे नेताजी को सांड़ ने उठाकर ऐसा पटका कि फिर न उठ सके…Video वायरल