Indore: ‘हम जहां रहेंगे आप हमेशा साथ होंगे बाबूजी’, इंदौर की जानी-मानी हस्ती थे भाजपा नेता पं विष्णु प्रसाद शुक्ल, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, उठावनी एवं शोक बैठक 28 अगस्त को, देखें स्थान और समय

August 27, 2022 by No Comments

Share News

हम जहां रहेंगे तेरा साया साथ होगा…आप कहीं नहीं गए “बाबूजी”, भला आप जैसी हस्ती को कोई मिटा सकता है। आप हमेशा हम सबके अंदर रहेंगे और हमेशा हम सब आपके बताए मार्ग पर चलेंगे। आप सदैव हमारी आत्मा में रहेंगे और ब्राह्मण समाज हमेशा आपके बताए विचारों के साथ आगे बढ़ेगा।

यह कहना है ब्राह्मण संसार संगठन देवास के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं धर्मेंद्र मिश्र का। उन्होंने बताया कि इंदौर की जानी-मानी हस्ती थे पं विष्णु प्रसाद शुक्ल। हमेशा गरीबों के साथ खड़े रहते थे। फिर चाहे वो किसी भी जाति या धर्म का हो। उनके आकस्मिक निधन से पूरे ब्राह्मण समाज को गहरा दुख हुआ है। इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में भाजपा नेता, सर्व ब्राह्मण समाज व कान्यकुब्ज विद्या प्रचारिणी सभा के प्रमुख विष्णु प्रसाद शुक्ल (बड़े भैया, बाबूजी) का 25 अगस्त 2022 को निधन हो गया था। वह कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला और राजेंद्र शुक्ला के पिता थे।

धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। वह भाजपा के साथ ही ब्राह्मण समाज में भी बड़े भैया के नाम से जाने जाते थे। उन्होंने पहले राजनीति और फिर पूरा जीवन ब्राह्मण समाज की सेवा में लगा दिया। भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं के साथ उन्होंने उस समय भाजपा को खड़ा करने में अपना सहयोग दिया जब भाजपा शुरूआती दिनों में थी। 26 अगस्त को उनके बड़े पुत्र राजेंद्र शुक्ल बब्बी ने मुखाग्नि दी।

इस मौके पर बड़ी संख्या में राजनीति जगत के लोगों के साथ ही पूरा ब्राह्मण समाज शामिल हुआ। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, ब्राह्मण संसार संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पं. धर्मेंद्र मिश्रा मौजूद रहे। बाबू जी के निधन पर ब्राह्मण संसार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी शुक्ला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा, उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना शुक्ला सहित देश भर के सभी पदाधिकारियों ने अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की है।

28 को होगा उठावना
विष्णु प्रसाद शुक्ल बाबूजी का उठावना एवं शोक सभा दिनांक 28 अगस्त 2022 को दोपहर 4:00 से 6:00 बजे तक खालसा स्टेडियम राजमोहल्ला में रखा गया है। अखिल भारतीय कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासभा द्वारा बैठक रखी जा रही है।