Sargam Kaushal: 21 साल बाद भारत लौटा मिसेज वर्ल्ड का खिताब, जम्मू-कश्मीर की सरगम कौशल के सिर सजा ये ताज, वायरल हुआ वीडियो, पेशे से हैं शिक्षिका
सोशल मीडिया पर सरगम कौशल के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। आखिर हो भी क्यों नहीं। 21 साल बात उनकी कड़ी मेहनत से भारत को मिसेज वर्ल्ड का खिताब जो जिताया है। जी हां, करीब 21 साल बाद भारत की किसी मिसेज के सिर पर ये ताज सजा है। सरगम कौशल ने मिसेज वर्ल्ड 2022 का खिताब अपने नाम कर लिया है। 2021 की विजेता रहीं अमेरिका की शायलिन फोर्ड ने शनिवार को वेस्टगेट लास वेगास रिजॉर्ट एंड कसीनो में आयोजित एक समारोह में उन्हें ताज पहनाया।
बता दें कि इस प्रतियोगिता में मिसेज पोलिनेशिया को फर्स्ट रनर-अप और उसके बाद मिसेज कनाडा को सेकेंड रनर-अप घोषित किया गया है। इसकी जानकारी मिसेज इंडिया पेजेंट ने रविवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर दी। पेज पर सरगम की फोटो के साथ कैप्शन में लिखा गया है, ”लंबा इंतजार खत्म हो गया है। 21 साल बाद ताज हमारे पास वापस आ गया है।”
मालूम हो कि समारोह के बाद एक वीडियो में जम्मू-कश्मीर की रहने वाली मिसेज वर्ल्ड सरगम कहते हुए दिख रही हैं कि “हमें 21-22 साल बाद ताज वापस मिला है। मैं बहुत उत्साहित हूं। लव यू इंडिया, लव यू वर्ल्ड।” बता दें कि साल 2001 में मिसेज इंडिया का ताज भारत लाने वाली अदाकारा-मॉडल अदिति गोवित्रिकर थी। वह भी सरगम की इस जीत पर खुश नजर आईं। उन्होंने सरगम को टैग करते हुए लिखा, ”हार्दिक बधाई सरगम कौशल इस यात्रा का हिस्सा बनने के लिए बहुत खुश हूं ..21 साल बाद ताज वापस आया है।” गौरतलब है कि सरगम कौशल जम्मू कश्मीर से ताल्लुक रखती हैं। वह एक शिक्षिका और मॉडल हैं। साल 2018 में शादी के बाद से ही उन्होंने ब्यूटी पेजेंट जीतने की ठान ली थी। वह मिसेज इंडिया 2022 में भी हिस्सा ले चुकी हैं। इस प्रतियोगिता का खिताब भी उन्होंने अपने नाम किया था। (फोटो-सोशल मीडिया)
यहां देखें वीडियो