Mumbai News: शरद पवार को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स गिरफ्तार, पत्नी की हरकत से था परेशान, जानें क्या है मामला
मुंबई। कथित तौर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार को जान से मारने की धमकी देने वाले शख्स को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसकी जानकारी मुंबई पुलिस ने बुधवार को मीडिया को दी। मुंबई पुलिस ने बताया कि “नारायण कुमार सोनी के रूप में पहचाने जाने वाले एक व्यक्ति को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। उसने कल एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार के आवास सिल्वर ओक पर फोन किया और उनको जान से मारने की धमकी दी। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।”
मीडिया सूत्रों के मुताबिक सोनी कथित तौर पर काफी समय से परेशान चल रहा था। उसकी पत्नी ने उसे हाल ही में छोड़ कर दूसरी शादी कर ली थी। तभी से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। ये भी जानकारी सामने आई है कि सोनी अपनी पत्नी के साथ एक दशक से अधिक समय से पुणे में रहा था।
बाद में आपसी विवाद होने के बाद पत्नी उसे छोड़कर चली गई और दूसरी शादी कर ली। बताया जाता है कि पत्नी के इस कार्य से सोनी काफी परेशान चल रहा था। उसको शरद पवार से मदद की उम्मीद थी, कि वह उसकी मदद करेंगे। जब पत्नी के मामले में उसे कहीं से कोई मदद नहीं मिली तो उसने शरद पवार से बदला लेने की ठानी और फिर पवार के घर पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने लगा।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक सोनी ने मुम्बई सिल्वर ओक्स स्थित पवार के घर पर कई बार फोन किया और धमकी दी कि वह मुम्बई आकर उन्हें देसी तमंचे से गोली मार देगा। इसी के बाद पवार की सुरक्षाकर्मियों ने गामदेवी पुलिस स्टेशन में इस सम्बंध में शिकायत दर्ज कराई और इसी के बाद मंगलवार देर रात सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच कर रहे गामदेवी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने मीडिया को जानकारी दी कि आरोपी पर आईपीसी की धारा 294, 506 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच चल रही है। (फोटो-सोशल मीडिया)