कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने पार्टी कार्यकर्ता से धुलवाया पैर…Video वायरल होने के बाद भाजपा ने लिया आड़े हाथों
Nana Patole Viral Video: सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र में नाना पटोले का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष के पैर को पानी से धो रहा है. इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इसके बाद अजित पवार गुट की एनसीपी और बीजेपी ने पटोले पर बड़ा जुबानी हमला किया है.
एनसीपी अजित पवार गुट के नेता अमोल मिटकरी और बीजेपी नेता राम कदम ने कांग्रेस को इस वीडियो को लेकर घेरा है. अमोल मिटकारी ने आलोचना की है कि “अगर नेता इसी तरह अपने पैर धोने के लिए कार्यकर्ताओं का इस्तेमाल कर रहे हैं तो यह कृत्य निंदनीय है, यह कार्यकर्ताओं के प्रति पार्टी के रवैये को दर्शाता है. पालखी समारोह के मौके पर ऐसा पहली बार देखने को मिला है. यह बहुत ही क्रोधित करने वाली बात है और नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं के पैर धोना एक तरह से कार्यकर्ताओं का अपमान है. नाना पटोले खुद को संत और कार्यकर्ता को सेवक न समझें.”
बता दें कि सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले अकोला जिले के दौरे पर थे. वे जिले के वाडेगांव में एक कार्यक्रम में आये थे. इस कार्यक्रम के बाद नाना पटोले ने वाडेगांव में प्रवास कर रहे संत गजानन महाराज की पालकी के दर्शन किये. वायरल वीडियो पर पटोले ने भी पहली प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि इस मामले को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है.
हालांकि इस वीडियो को लेकर भाजपा की ओर से इस मामले की कड़ी आलोचना की गई है. बीजेपी नेता राम कदम ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी की दो तस्वीरें शेयर की है जहां प्रधानमंत्री किसी के पैर को धोते हुए नजर आ रहे हैं.
राम कदम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, “एक तरफ देश के प्रधान सेवक मोदीजी दूसरी तरफ घमंडिया गठबंधन के नेता महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रांत अध्यक्ष. दुनिया के सबसे ताकतवर नेता होने के बावजूद आदरणीय पीएम नरेंद्र मोदी का सामान्य से सामान्य व्यक्ति के लिए प्रेम दिखाता है। दूसरी तरफ पैर में मिट्टी लगते ही प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस कार्यकर्ता से पैर साफ कराव रहे हैं. वे तुरंत माफी मांगे.”