“हम आतंक के आकाओं को…” सीजफायर के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने देश के नाम संदेश देते हुए पाकिस्तान को दी ये बड़ी चेतावनी-Video

Share News

Narendra Modi: सीजफायर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रात 8 बजे देश के नाम संदेश में पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए ये साफ कर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल भारत नहीं सहेगा. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि न्यूक्लियर ब्लैकमेल की आड़ में पनप रहे आतंकी ठिकानों पर भारत सटीक और निर्णायक प्रहार करेगा. इसी के साथ ही पीएम ने कहा कि हम आतंक की सरपरस्त सरकार और आतंक के आकाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे.”

प्रधानमंत्री ने संदेश की शुरुआत करते हुए कहा, “हम सभी ने बीते दिनों में देश का सामर्थ्य और उसका संयम दोनों देखा है। मैं सबसे पहले भारत की पराक्रमी सेनाओं को सशस्त्र बलों, हमारी खुफिया एजेंसियों, हमारे वैज्ञानिकों को हर भारत वासी की ओर से सलाम करता हूं।” इसी के साथ पीएम ने कहा कि “हमारे वीर सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए असीम शौर्य का प्रदर्शन किया। मैं उनकी वीरता, साहस और पराक्रम को देश की हर माता, बहन और बेटी को समर्पित करता हूं।”

पहलगाम में आतंकियों ने दिखाई थी बर्बरता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर कहा, “22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने जो बर्बरता दिखाई थी उसने देश, दुनिया को झकझोर दिया था।” पीएम ने आगे कहा कि छुट्टियां मना रहे निर्दोष नागरिकों को धर्म पूछकर उनके परिवार, उनके बच्चों के सामने बेरहमी से मार डाला यह आतंक का बहुत विभत्स चेहरा था, क्रूरता थी।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह देश के सद्भाव को तोड़ने की घिनौनी कोशिश भी थी। वह आगे बोले कि मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से यह पीड़ा बहुत बड़ी थी।

हर राजनीतिक दल…

पीएम मोदी ने 22 अप्रैल की आतंकी घटना को देश पर एक बड़ा हमला बताया और कहा कि इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश, हर राजनीतिक दल, एक स्वर में आतंक के खिलाफ उठ खड़ा हुआ है। हमने आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने के लिए भारत की सेनाओं को पूरी छूट दे दी है। आज हर आतंकी, आतंक का हर संगठन जान चुका है कि हमारी बहनों, बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है.

आतंकियों ने नहीं सोचा होगा सपने में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आतंकियों ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि भारत इतना बड़ा फैसला ले सकता है लेकिन जब देश एकजुट होता है, राष्ट्र प्रथम की भावना से भरा होता है तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं, परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं. इससे पहले उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है। 6 मई की देर रात, 7 मई की सुबह पूरी दुनिया ने इस प्रतिज्ञा को परिणाम में बदलते देखा है। भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों, उनके ट्रेनिंग सेंटर पर सटीक प्रहार किया।”

बौखला गया है पाकिस्तान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान की बौखलाहट को लेकर कहा कि “भारत की इस बड़ी कार्रवाई के बाद से ही पाकिस्तान घोर निराशा में घिर चुका है और पाकिस्तान बौखला गया था और इसी बौखलाहट में उसने एक और दुस्साहस किया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंक पर भारत की कार्रवाई का साथ देने के बजाए उसने भारत पर ही हमला करना शुरू कर दिया। पाकिस्तान ने हमारे स्कूल, कॉलेज, गुरुद्वारों, मंदिरों और सामान्य नागरिकों के घरों को निशाना बनाया। उन्होंने हमारे सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

इसीलिए हमने आतंक के हेडक्वार्टर उजाड़ दिए

पीएम ने आगे कहा कि आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था इसलिए भारत ने आतंक के ये हेडक्वार्टर उजाड़ दिए। भारत के इन हमलों में 100 से अधिक आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया।

हम अपने तरीके से जवाब देकर रहेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम संदेश में आतंकवादियों को चेतावनी देते हुए कहा कि “भारत की तीनों सेनाएं अलर्ट पर हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के बाद अब ऑपरेशन सिंदूर आतंक के खिलाफ भारत की नीति है। वह आगे बोले कि ऑपरेशन सिंदूर ने एक नई लकीर खींच दी है. अगर भारत पर हमला हुआ तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा, हम अपने तरीके से अपनी शर्तों पर जवाब देकर रहेंगे.”

पाकिस्तान को बहुत घमंड था

पीएम मोदी ने कहा कि “भारत के ड्रोन, मिसाइलों ने सटीकता से हमला किया, पाकिस्तानी वायुसेना के एयरबेस को नुकसान पहुंचाया जिस पर पाकिस्तान को बहुत घमंड था। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पहले 3 दिनों में ही पाकिस्तान को इतना नुकसान पहुंचाया जिसका उसे अंदाजा भी नहीं था। भारत की आक्रमक कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बचने के रास्ते तलाशने लगा. इसी मजबूरी में 10 मई की दोपहर को पाकिस्तानी सेना ने हमारे DGMO को संपर्क किया, तब तक हम बड़े पैमाने पर आतंकी इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह कर चुके थे. पीएम ने कहा कि पाकिस्तान ने अपने सीने में जो आतंकी अड्डों बसाए थे उनको हमने खंडहर बना दिया. इसलिए जब पाकिस्तान की तरफ से गुहार लगाई कि उसकी ओर से आगे कोई आतंकी गतिविधि और सैन्य दुस्साहस नहीं दिखाया जाएगा तो भारत ने भी उस पर विचार किया.”

एक दिन ये आतंकी पाकिस्तान को ही खत्म कर देंगे

टॉक और टेरर एक साथ नहीं हो सकता और पानी व खून भी एक साथ नहीं बह सकता. अगर पाकिस्तान आतंक को खत्म करने में हमारे साथ खड़ा नहीं होता तो एक दिन ये आतंक ही पाकिस्तान को खत्म कर देगा. उन्होंने ये भी कहा कि “हमने पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों पर अपनी जवाबी कार्रवाई को अभी सिर्फ स्थगित किया है, आने वाले दिनों में हम पाकिस्तान के हर कदम को इस कसौटी पर मापेंगे कि वह क्या रवैया अपनाता है।” उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान से अगर बात होगी तो केवल आतंकवाद पर होगी.

भगवान बुद्ध ने हमें शांति का रास्ता दिखाया है

पीएम मोदी ने कहा कि प्रिय देशवासियों आज बुद्ध पूर्णिमा है और भगवान बुद्ध ने हमें शांति का रास्ता दिखाया है। शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है। मानवता शांति और समृद्धि की तरफ बढ़ें, हर भारतीय शांति से जी सके, विकसित भारत के सपने को पूरा कर सके इसके लिए भारत का शक्तिशाली होना बहुत जरूरी है। आवश्यकता पड़ने पर इस शक्ति का इस्तेमाल भी जरूरी है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ दिनों में भारत ने यही किया है। मैं एक बार फिर भारत की सेना और सशस्त्र बलों को सलाम करता हूं।” इसी के साथ ही उन्होंने कहा कि मैं आज विश्व समुदाय को भी कहूंगा कि हमारी नीति रही है कि अगर पाकिस्तान से बात होगी तो आतंकवाद पर ही होगी, अगर पाकिस्तान से बात होगी तो POK पर ही होगी। इसी के साथ ही पीएम मोदी ने भारत माता की जय के साथ अपनी बात को विराम दिया..

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान के संघर्ष विराम उल्लंघन के बाद पीएम मोदी का पहला बयान…बोले- “पोखरण परीक्षण…”-Video