Navratri Special: जानें मां दुर्गा को है कौन सा भोग सबसे अधिक पसंद…? नवरात्र में अर्पण करें ये…
Navratri Special: नवरात्र के दिनों में सनातन धर्म को मानने वाले लोग मां दुर्गा के सभी रूपों की पूजा कर उनकी कृपा प्राप्त करने के लिए व्रत-पूजा आदि करते हैं और उनको तरह-तरह का भोग लगाते हैं. मां भगवती के नौ रूपों व प्रमुख अवतारों की पूजा नवरात्र के दौरान की जाती है. मालूम हो कि साल में चार नवरात्र होती है, लेकिन आम जनमानस दो नवरात्र में ही व्रत और पूजा करते हैं. एक नवरात्र चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से नवमी तक मनाई जाती है जो कि ग्रीष्म ऋतु के आरम्भ का संकेत देती है तो वहीं दूसरा शारदीय नवरात्र को आम श्रद्धालु मनाते हैं. यह शीत ऋतु के आगमन का संकेत देती है.
सनातन धर्म को मानने वाले लोग इन दोनों नवरात्र के दिनों में नौ दिन तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और आराधना करते हैं. इस दौरान नौ दिन तक व्रत रखकर कलश स्थापना पर मां भगवती की पूजा की जाती है. हिंदू धर्म में नवरात्र का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शारदीय नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा करने से साधक को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
इसे कहते हैं गुप्त नवरात्र
यहां बता दें कि जो अन्य दो नवरात्र साल में पड़ते हैं उसे गुप्त नवरात्र कहा जाता है. हर साल माघ और आषाढ़ महीने में गुप्त नवरात्र मनाई जाती है. इसे मुख्य रूप से आध्यात्मिक विकास पाने के लिए अघोरी और तांत्रिक गुप्त महाविद्याओं को सिद्ध करने के लिए विशेष पूजा-अर्चना करते हैं. गुप्त नवरात्र के दौरान, मध्य रात्रि से सूर्योदय तक का समय सबसे ज़्यादा प्रभावशाली माना जाता है.
मां को पसंद है ये भोग
आचार्य सुशील कृष्ण शास्त्री बताते हैं कि नवरात्र के दौरान मां दुर्गा को तिल के लड्डू का भोग भी लगाना चाहिए। इन्हें घर पर ही बड़ी आसानी से गुड़ और तिल के मिश्रण से बनाया जा सकता है। साथ ही यह खाने में भी बहुत ही स्वादिष्ट होते हैं।
नवरात्र के दौरान मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए आप खीर का भोग लगा सकते हैं। चावल की स्थान पर आप मखाने की खीर का प्रयोग भी कर सकते हैं।
मिठाई में मां दुर्गा को रसगुल्ले का भोग पसंद है. इससे मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और भक्तों पर दया दृष्टि बनाए रखती हैं।
मां दुर्गा को नारियल की बर्फी भी पसंद है, उनको इसका भी भोग लगाया जा सकता है. मान्यता है कि इससे भी मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं.
मालपुआ एक बहुत ही स्वादिष्ट व्यंजन है। इसे भी घर पर ही आसानी से तैयार किया जा सकता है। ऐसे में आप मां दुर्गा को नवरात्र के दौरान मालपुआ का भोग जरूर लगाएं। इसके साथ ही आप घर पर हलवा बनाकर भी मां दुर्गा को अर्पित कर सकते हैं। माता दुर्गा को सूजी और मेवे से बने हलवे का भोग लगाना बहुत ही शुभ माना जाता है।
DISCLAIMER:यह लेख धार्मिक मान्यताओं व धर्म शास्त्रों पर आधारित है। हम अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देते। पाठक धर्म से जुड़े किसी भी कार्य को करने से पहले अपने पुरोहित या आचार्य से अवश्य परामर्श ले लें। KhabarSting इसकी पुष्टि नहीं करता।)