दुनिया के सामने पाकिस्तान होगा बेनकाब…टीम मोदी का चेहरा बने ये मुस्लिम नेता; सौंपी गई ये बड़ी जिम्मेदारी
Team Modi: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों का धर्म पूछकर गोली मारने वाले आंतकियों के खिलाफ भारत ने जहां ऑपरेशन सिंदूर चलाकर करारा जवाब दे दिया है तो वहीं अब पूरी दुनिया के सामने आतंकवादियों को पालने वाले पाकिस्तान को बेनकाब करने का अभियान भी शुरू कर दिया है.
वैसे तो पूरी दुनिया जानती है कि आतंकियों की पौध पाकिस्तान में ही तैयार होती है लेकिन पाकिस्तान लगातार इसे नकारता रहा है लेकिन अब भारत ने ऐसी रणनीति तैयार की है कि पाकिस्तान के नापाक इरादे पूरी दुनिया के सामने होंगे. मालूम हो कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पीओके में स्थित आतंकवादियों के 9 अड्डों को तबाह कर दिया था. इसी के सात ही पाकिस्तान ने जब आतंकियों का साथ देते हुए भारत के शहरों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया तो भारतीय सेना ने उसके 11 एयरबेस को तबाह कर दिया.
7 टीमों में शामिल हैं ये 7 लीडर
रविशंकर प्रसाद (भाजपा)
बैजयंत पांडा (भाजपा)
श्रीकांत शिंदे (शिवसेना)
संजय कुमार झा (जेडीयू)
कनिमोझी (डीएमके)
सुप्रिया सुले (एनसीपी-एसपी)
शशि थरूर (कांग्रेस)
पूरी दुनिया को बांट दिया 7 जोन में
बता दें कि पाकिस्तान के चेहरे को बेनकाब करने के लिए मोदी सरकार ने शानदार प्लानिंग करते हुए पूरी दुनिया को 7 जोन में बांटकर 7 टीमें बनाई हैं और सभी सात टीमों में भारत के हर राजनीतिक दलों के सांसदों से लेकर कुल मिलाकर 51 नेताओं को जगह दी है. इन टीमों को 32 देशों और यूरोपीय यूनियन का दौरा करने की जिम्मेदारी दी गई है जो पाकिस्तान के चेहरे को बेनकाब करेंगी.
सभी सात टीमों में देश के 11 तेज तर्रार मुस्लिम नेताओं को शामिल किया गया है. बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के वक्त भी मोदी सरकार ने कर्नल सोफिया कुरैशी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी और अब टीम मोदी में बड़ी संख्या में मुस्लिम नेताओं को शामिल कर पूरी दुनिया को साफ संदेश दिया है कि भारत कभी भी हिंदू-मुस्लिम में भेद नहीं करता और सभी को साथ लेकर चलता है और भारत के मुस्लिम भारत के लिए ही काम करते हैं.
रविशंकर प्रसाद की टीम में शामिल हैं ये 2 मुस्लिम नेता
रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाले प्रतिनिधि मंडल में भाजपा के दग्गुबत्ती पुरंदेश्वरी और समिक भट्टाचार्य के साथ ही प्रियंका चतुर्वेदी (एसएस-यूबीटी), गुलाम नबी खटाना (मनोनीत), अमर सिंह (कांग्रेस), पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर और पूर्व राजनयिक पंकज सरन को शामिल किया गया हैं. यह टीम फ्रांस के साथ ही यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, इटली, यूरोपीय संघ व डेनमार्क की यात्रा करेगी.
बैजयंत पांडा की टीम में शामिल हैं गुलाम नबी आजाद
बता दें कि सीनियर लीडर बैजयंत पांडा की टीम में निशिकांत दुबे के साथ ही फंगनन कोन्याक, रेखा शर्मा ( ये सभी भाजपा) के अलावा असदुद्दीन ओवैसी (एआईएमआईएम), सतनाम संधू (मनोनीत), पूर्व मंत्री गुलाम नबी आजाद और पूर्व विदेश सचिव हर्ष श्रृंगला को शामिल किया गया हैं. ये टीम यानी बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाला ये प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया की यात्रा करेगा.
संजय झा की टीम में 2 मुस्लिम नेता
जेडीयू नेता संजय झा की टीम को मलेशिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और जापान का दौरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस टीम में भाजपा से अपराजिता सारंगी, बृजलाल, प्रदान बरुआ, हेमांग जोशी के अलावा यूसुफ पठान (तृणमूल), जॉन ब्रिटास (सीपीआई-एम), पूर्व मंत्री सलमान खुर्शीद और पूर्व राजनयिक मोहन कुमार को शामिल किया गया है.
शशि थरूर की टीम में एक मुस्लिम नेता
कांग्रेस सांसद शशि थरूर की टीम अमेरिका, पनामा, गुयाना, कोलंबिया और ब्राजील की यात्रा करेगी. इसमें भाजपा के शशांक मणि त्रिपाठी, भुवनेश्वर कलिता तेजस्वी सूर्या के साथ ही शांभवी (एलजेपी-आरवी), सरफराज अहमद (जेएमएम), जीएम हरीश बालयोगी (टीडीपी), मिलिंद देवड़ा (शिवसेना),पूर्व राजनयिक तरनजीत संधू शामिल हैं.
श्रीकांत शिंदे की टीम में शामिल हैं ये मुस्लिम नेता
श्रीकांत शिंदे जो कि तीन बार शिवसेना के सांसद रह चुके हैं, की टीम में भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज, अतुल गर्ग, मनन कुमार मिश्रा के साथ ही ई टी मोहम्मद बशीर (आईयूएमएल), बीजेडी से सस्मित पात्रा,पूर्व मंत्री एसएस अहलूवालिया और पूर्व राजनयिक सुजान चिनॉय को शामिल किया गया है. इनको कांगो, यूएई, लाइबेरिया और सिएरा लियोन का दौरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सुप्रिय सुले की टीम में शामिल 1 मुस्लिम नेता
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिया सुले की टीम में भाजपा के अनुराग ठाकुर व राजीव प्रताप रूडी के साथ कांग्रेस के मनीष तिवारी,आप के विक्रमजीत साहनी, लावु श्रीकृष्ण देवरायलू (टीडीपी), पूर्व मंत्री मुरलीधरन और आनंद शर्मा और पूर्व राजनयिक सैयद अकबरुद्दीन को शामिल किया गया है. इस टीम को कतर के साथ ही मिस्र, इथियोपिया और दक्षिण अफ्रीका का दौरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कनिमोझी की टीम में 2 मुस्लिम नेता
कनिमोझी करुणानिधि की टीम को स्पेन, ग्रीस, स्लोवेनिया, लातविया और रूस का दौरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनके नेतृत्व में बीजेपी के बृजेश चौटा के साथ ही सपा के राजीव राय, मियां अल्ताफ अहमद (एनसी), अशोक कुमार मित्तल (आप), प्रेम चंद गुप्ता (राजद), पूर्व राजनयिक मंजीव पुरी के साथ जावेद अशरफ को शामिल किया गया हैं.
ये भी पढ़ें-जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ने पाकिस्तान जाकर किए थे ये काम, Videos वायरल