TOKYO PARALYMPICS: ऊंची कूद में निषाद कुमार ने रजत पदक पर किया कब्जा
टोक्यो। टोक्यो में चल रहे पैरालम्पिक खेलों में भारत की ओर से गए खिलाड़ी अपना सौ प्रतिशत देने में जुटे हैं। रविवार को एक खुशी की खबर यहां से तब सामने आई जब पैरा ऊंची कूद एथलीट निषाद कुमार ने ऊंची कूद टी 47 इवेंट में रजत पदक हासिल कर लिया। निषाद ने 2.6 मीटर जम्प के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। निषाद के रजत जीतने के साथ ही भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अपना दूसरा पदक हासिल कर लिया है। निषाद से पहले रविवार को ही पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने महिला एकल क्लास 4 वर्ग में रजत पदक अपने नाम कर देश का गौरव बढ़ाया। फिलहाल निषाद इससे पहले इसी साल दुबई में हुए फाजा विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रांप्री में ऊंची कूद टी 47 वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर भारत का नाम रोशन कर चुके हैं।
बता दें कि 21 साल के निषाद हिमाचल प्रदेश के ऊना के रहने वाले हैं। उन्होंने 1.89 मीटर के साथ शुरुआत की थी। दूसरे प्रयास में 1.94 मीटर और तीसरे प्रयास में 1.98 मीटर का जम्प मारा। निषाद का सर्वश्रेष्ठ 2.06 मीटर रहा जो उन्होंने पांचवें प्रयास में हासिल किया। मालूम हो कि निषाद ने बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण में ट्रेनिंग लेकर खुद को पैरालम्पिक के काबिल बनाया और अब वह इसमें हिस्सा लेकर देश का नाम ऊंचा कर रहे हैं। निषाद लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में फिजिकल एजुकेशन के छात्र हैं। उन्होंने 2009 से पैरा एथलेटिक्स में भाग लेना शुरू कर दिया था। इसके बाद कई राष्ट्रीय स्तर पर पदक भी जीते। बता दें कि निषाद के अलावा इस इवेंट के टी 46 वर्ग का स्वर्ण पदक अमेरिका के टाउनसेंड रोडेरिक ने जीता। उन्होंने 2.15 मीटर के जम्प के साथ पहला स्थान हासिल किया। इस इवेंट में भारत के ही एथलीट राम पाल 1.94 मीटर के जम्प के साथ पांचवें स्थान पर रहे।