सोनम रोती मिली या फिर किया आत्मसमर्पण? आखिर यूपी और मेघालय पुलिस के अलग-अलग बयान क्यों? ढाबा संचालक ने दी ये बड़ी जानकारी
Raja Raghuvanshi Murder Case: सोनम रघुवंशी की गिरफ्तारी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. दरअसल जहां मेघालय पुलिस का दावा है कि सोनम ने गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. तो वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस का कहना है कि वह बेहोशी की हालत में मिली.
बता दें कि राजा की लापता पत्नी सोनम रघुवंशी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना इलाके में मिली है. जहां आरोप है कि सोनम ने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति की हत्या की सुपारी दी थी तो वहीं मेघालय और यूपी पुलिस के एक ही मामले में आ रहे दो अलग-अलग बयान ने लोगों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है और लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि इसमें सही क्या है. यानी सोनम ने आत्मसमर्पण किया है या फिर वह गाजीपुर पुलिस को ढाबे पर बदहवास हालत में मिली?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनम को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है जबकि कानून के मुताबिक, अगर उसने हत्या की है या फिर हत्या की साजिश में शामिल है तो उसे गिरफ्तार करना चाहिए था. तो वहीं ये भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि उसे गिरफ्तार किया भी गया है या नहीं? फिलहाल आइए देखते हैं कि आखिर दो राज्यों की पुलिस के किन अलग बयानों के कारण ये पूरा मामला उलझ रहा है और कई सवाल खड़े कर रहा है…

राजा रघुवंशी हत्याकांड की पूरी डिटेल एक नजर में
यूपी पुलिस ने कही ये बात
सोनम के मिलने को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि 24 वर्षीय सोनम रघुवंशी वाराणसी-गाजीपुर मेन रोड पर काशी ढाबा पर मिली. उसे प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया और फिर उसके बाद गाजीपुर के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया. यूपी पुलिस ने ये भी बताया कि 17 दिन के बाद सोनम पुलिस को बदहवास हालत में मिली। वह रो रही थी। उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। फिलहाल वह कुछ नहीं बता पा रही है। इसकी सूचना मेघालय पुलिस को सूचना दे दी गई है। इस सम्बंध में गाजीपुर के एसपी सिटी ज्ञानेंद्रनाथ प्रसाद ने मीडिया को जानकारी दी कि रात में एक अज्ञात महिला के घूमने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद जांच की गई तो अंकुशापुर स्थित ढाबा पर रात दो बजे सोनम रोते हुए बदहवास हालत में मिली थी। ढाबा संचालक ने 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी थी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने संदिग्ध महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां महिला ने बताया कि वह राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम है. फिलहाल इलाज के बाद उसे वन स्टप सेंटर भेज दिया गया.
मेघालय पुलिस ने दिया ये बयान
सोनम को मिलने को लेकर मेघालय के डीजीपी आई नोंग्रांग ने सोमवार सुबह मीडिया को दिए बयान में बताया कि इंदौर के पर्यटक राजा रघुवंशी की हत्या कथित तौर पर मेघालय में हनीमून के दौरान उनकी पत्नी द्वारा किराए पर बुलाए लोगों ने की। उन्होंने इस सम्बंध में न्यूज एजेंसी पीटीआई को बयान देते हुए कहा कि पत्नी सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि रात भर की छापेमारी में तीन अन्य हमलावरों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने अपने बयान में आगे ये भी कहा कि 23 मई को मेघालय के सोहरा इलाके में छुट्टियां मनाते समय राजा और सोनम लापता हो गए थे। 2 जून को राजा का शव एक खाई में मिला, जबकि उनकी पत्नी की तलाश जारी थी।
डीजीपी ने अपने बयान में ये भी कहा कि एक व्यक्ति को यूपी से पकड़ा गया और दो अन्य आरोपियों को एसआईटी ने इंदौर से पकड़ा. सोनम ने यूपी के नंदगंज पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण किया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इसी के साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने खुलासा किया है कि पत्नी सोनम ने रघुवंशी की हत्या के लिए उन्हें सुपारी दी थी। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा, ‘अपराध में शामिल कुछ और लोगों को पकड़ने के लिए मध्य प्रदेश में अभियान अभी भी जारी है।’
भाई से बात करने की लगाई रट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल में पूछताछ के दौरान सीओ से सोनम सिर्फ अपने भाई से बात करने की रट लगाए थी। तो वहीं इससे पहले रात में भी वह ढाबा संचालक के फोन से भी भाई से बात की थी। ढाबा संचालक ने मीडिया को जानकारी दी कि ये महिला रात करीब एक बजे आई और उसने घर पर फोन करने की बात करने के लिए मोबाइल फोन मांगा। इसके बाद उसने उसकी बात फोन पर करा दी और इसके बाद उसे बैठने के लिए कहा फिर पुलिस को इसकी सूचना दी।
सीबीआई जांच की हो रही मांग
जहां इस पूरे मामले में सोनम के पिता ने अपनी बेटी को निर्दोष बताते हुए मेघालय पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है और इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है तो वहीं हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा था कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मामले की सीबीआई जांच का आदेश देने का अनुरोध किया है। बता दें कि इस पूरे मामले में शुक्रवार को ही सोनम के परिवार ने मेघालय पुलिस की जांच पर असंतोष जताया था और केंद्र से मामले को सीबीआई को सौंपने का आग्रह किया था। तो वहीं अब सोमवार यानी आज 9 जून को मेघालय पुलिस की ओर से बयान जारी किया गया है कि सोनम ने ही अपने पति की हत्या की सुपारी दी थी. फिलहाल सोनम के मिलने को लेकर मेघायल पुलिस और यूपी पुलिस के दो अलग-अलग बयान उलझा रहे हैं लेकिन अभी भी पुलिस की जांच जारी है. जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि राजा हत्याकांड की पूरी सच्चाई क्या है. पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है.