नीला ड्रम हत्याकांड…दोषियों को मिली फांसी की सजा; जज ने किया महाभारत का जिक्र-Video

October 14, 2026 by No Comments

Share News

Blue Drum Murder Case: मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड मामले में दोषी मुस्कान और साहिल को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है. दोनों आरोपियों को जिला जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया था. बता दें कि आरोपी मुस्कान रस्तोगी ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा था और फिर नीले ड्रम में शव भरकर सीमेंट डाल दिया था. इसके बाद खुद प्रेमी के साथ घूमने चली गई थी.

पूरे देश को झकझोर देने वाले इस हत्याकांड का खुलासा नन्हीं बेटी ने किया था.तो वहीं कोर्ट ने दोनों को जघन्य अपराधी माना है और फांसी की सजा सुनाई है. साथ ही कोर्ट ने 50 हजार व 20 हजार का जुर्माना भी लगाया है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने महाभारत का वर्णन देते हुए कहा कि अपराधी को अपराध की सजा देना भी धर्म का काम है. अपराध के अनुरूप सजा मिलनी ही चाहिए.जज ने महाभारत का जिक्र करते हुए कहा कि जब-जब अधर्म बढ़ता है, तब तब धर्म की रक्षा और न्याय के लिए आगे आना पड़ता है और ऐसे जघन्य अपराध में दोषियों को कठोर सजा मिलनी बहुत ही जरूरी है.

कोर्ट ने 30 सितंबर ठहराया था दोषी

बता दें कि इस चर्चित हत्याकांड में कोर्ट ने 30 सितम्बर को ही आरोपी मुस्कान रस्तोगी और उसके प्रेमी साहिल को दोषी करार दे दिया था. इसके बाद 14 अक्टूबर को फैसले की तारीख रखी गई थी. जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा ने यह फैसला सुनाया था.मालूम हो कि सौरभ राजपूत हत्याकांड मामले में जुलाई 2025 में ट्रायल शुरू हुआ था. करीब 13 महीनों तक कोर्ट में बहस चली. 126 तारीखें पड़ी और इस दौरान 22 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए.

मृतक सौरभ के परिवार ने कोर्ट से की थी फांसी की मांग

मृतक सौरभ राजपूत के परिवार ने कोर्ट से फांसी की सजा देने की गुहार लगाई थी. मृतक सौरभ राजपूत के भाई राहुल राजपूत ने मीडिया से कहा कि शुरू से हम यही उम्मीद लगाए हुए थे कि हमें इंसाफ मिलेगा. वह बोले कि इन अपराधियों ने जैसे मेरे भाई के साथ किया वैसा किसी और के साथ न हो. इसलिए फांसी की मांग की थी. ये सजा नजीर बन जाएगी और लोग इस तरह का काम करने से डरेंगे.

हत्या के शातिर तरीके से कांप उठा था पूरा देश

बता दें कि सौरभ राजपूत हत्याकांड मामले में नीले ड्रम की चर्चा पूरे देश में हुई थी और हत्या करने के तरीके और फिर बचने के लिए दोषियों ने जो तरीका अपनाया था, उसको लेकर पूरा देश कांप गया था. ये अपने तरीके की पहली घटना थी. अगर बच्ची ने राज नहीं खोला होता तो किसी को पता भी नहीं चलता कि सौरभ की हत्या हुई. सौरभ की लाश जिस नीले ड्रम के अंदर छुपाई गई थी उसे सीमेंट से भर दिया गया था. पिछले साल 19 मार्च को पुलिस ने मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.

ये भी पढ़ें-पति को नीले ड्रम में भरने वाली पत्नी मुस्कान और प्रेमी साहिल दोषी करार…जानें कौन हैं सजा सुनाने वाले जज अरविंद कुमार मिश्रा?