UP Basic Shiksha: परिषदीय स्कूल में छोटी बच्ची से लगवाई गई झाड़ू, वीडियो हुआ वायरल, देखें क्या कहा BSA ने
कानपुर। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाया जा रहा है कि एक छोटी बच्ची स्कूल में झाड़ू लगा रही है और कुछ बच्चे स्कूल के अंदर प्रवेश कर रहे हैं। यह वीडियो उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के वाजिदपुर प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। यहां बता दें कि इस तरह का यह वीडियो पहला नहीं है। बताया जा रहा है कि इस स्कूल में अक्सर ही बच्चों के झाड़ू लगवाई जाती है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश (UP) में बेसिक शिक्षा के स्कूल सफाई कर्मियों की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में किसी स्कूल में साफ-सफाई की जिम्मेदारी शिक्षक या प्रधानाध्यापक ने उठा रखी है तो किसी स्कूल में शिक्षक अपने पास से मानदेय देकर सफाई कर्मियों को रखे हुए हैं तो तमाम ऐसे स्कूल भी हैं, जहां बच्चे ही स्कूल की साफ-सफाई करने के लिए जुट जाते हैं या फिर जुटा दिए जाते हैं।
हालांकि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के बेसिक स्कूलों को मॉडल बनाने व प्राइवेट स्कूल की तर्ज पर विकसित करने की तमाम कोशिश कर रहे हैं, लेकिन संसाधन के अभाव में बेसिक स्कूल पिछड़े ही साबित हो रहे हैं। जबकि प्रतिवर्ष जारी सरकारी बजट में एक अच्छा-खासा बजट बेसिक स्कूलों के लिए भी जारी किया जाता है। ये एक बड़ा सवाल है कि जिस शिक्षा के मंदिर में बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं, वहीं पर उनके झाड़ू लगवाने और कूड़ा उठवाने जैसा कार्य भी कराया जाता है।
देखें क्या कहा बीएसए ने
वायरल वीडियो को देखकर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सुरजीत सिंह ने कहा कि इस मामले पर पहले खंड शिक्षाधिकारी से रिपोर्ट मांगी जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी के साथ बीएसए ने ये भी निर्देश दिया है कि किसी भी स्कूल में बच्चों से झाड़ू लगवाने या कूड़ा उठवाने जैसा कार्य न कराया जाए।
यहां देखें वीडियो