Lucknow: अंकुर नर्सिंग होम की दबंगई से डरा नगर निगम लखनऊ, अकेले नहीं हटा पा रहा है अवैध अतिक्रमण, मांगी पुलिस से मदद, देखें वायरल लेटर

August 24, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। प्राइवेट हॉस्पिटल किस तरह से अनाप-शनाप चार्जेस लगा कर न केवल मरीजों को परेशान कर रहे हैं बल्कि सड़क पर अवैध पार्किंग बनाकर आने-जाने वालों को भी तंग करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

इसका ताजा मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम कॉलोनी के ऍफ़ ब्लाक कुँवर ज्योति प्रसाद वार्ड में स्थित अंकुर नर्सिंग होम से सामने आया है। इसकी दबंगई का आलम यह है कि लखनऊ नगर निगम भी इसके द्वारा किये गए अवैध अतिक्रमण को अपने अकेले दम पर हटाने में डर रहा है और इसके लिए पुलिस से मदद मांगी है।

इस सम्बंध में एक लेटर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ लिखा है कि नगर निगम लखनऊ के जोन 2 के जोनल अधिकारी ने स्थानीय थाना तालकटोरा और पुलिस उपायुक्त पश्चिमी को पत्र लिखकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

नगर निगम की यह कार्यवाही समाज सेविका व आरटीआई एक्टिविस्ट उर्वशी शर्मा की शिकायत पर की जा रही है। उर्वशी ने दावा करते हुए बताया है कि अंकुर हॉस्पिटल के प्रबंधन ने नाली और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर रखा है जिसके सम्बन्ध में उनकी मोबाइल हेल्पलाइन 8081898081 पर स्थानीय नागरिकों द्वारा नाली और फुटपाथ पर बड़ा जेनरेटर रखकर प्रदूषण फैलाने, सार्वजनिक सड़क पर अवैध पार्किंग बनाकर मार्ग अवरुद्ध करने तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा विरोध करने पर उन्हें डराने धमकाने आदि की शिकायतें प्राप्त होने पर उन्होंने नगर निगम लखनऊ में जनसुनवाई शिकायत भेजकर अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया था। इसी को लेकर नगर निगम ने कार्यवाही करने जा रहा है।

निगम के जोन 2 के जोनल अधिकारी ने इस पत्र की प्रति निगम के नगर अभियंता को इस अनुरोध के साथ भेजी है कि वे निर्धारित तिथि से पूर्व नियमानुसार चिन्हांकन करते हुए ट्रक, जेसीबी सहित स्टाफ तथा सहायक अभियंता को भी कार्यवाही के सम्बन्ध में निर्देश दें। इस पत्र की प्रति अपर नगर आयुक्त को सूचनार्थ तथा जोन 2 के कर अधीक्षक एवं राजस्व निरीक्षक को अतिक्रमण दस्ते सहित अभियान में उपस्थित रहकर सहयोग करने के लिए भेजी है।

बता दें कि हास्पिटल का अतिक्रमण 22 अगस्त को हटाया जाना था, लेकिन अतिक्रमण जस का जस पड़ा हुआ है। इस पर उर्वशी ने महापौर संयुक्त भाटिया से सार्वजनिक अपील की है कि वे एक अभियान चलाकर लखनऊ की परिसीमा में स्थित सभी अस्पताल और नर्सिंग होम्स का स्थलीय निरीक्षण कराकर आम सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करायें।