UP: 17 लाख की चाकलेट चुरा ले गए चोर, नहीं छोड़ा सबूत, सीसीटीवी की डीवीआर तक उखाड़ ले गए, देखें वीडियो

August 16, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश (UP) की राजधानी लखनऊ के चिनहट में चोर 17 लाख की चॉकलेट चुरा ले गए। यहां के देवराजी विहार में चोरों ने सोमवार रात कैडबरी के स्टाकिस्ट के घर से लाखों की चाकलेट पर हाथ साफ कर दिया। व्यापारी दो महीने पहले ही ओमेक्स सिटी में शिफ्ट हुए थे। र घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ ले गए। फिलहाल मामले की छानबीन में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस के मुताबिक चोर ताला न टूटने पर चाहरदीवारी कूदकर घर के अंदर गए और करीब 17 लाख की चॉकलेट का स्टॉक लोडर में भर कर भाग निकले। घटना के बारे में पूरी जानकारी देते हुए ओमेक्स सिटी निवासी व्यापारी राजेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली शीलू सिंह ने घर के अंदर के दरवाजा खुले होने की बात कही। इस पर घर आकर देखा तो मेनगेट बंद था। अंदर जाकर देखा तो होश उड़ गए।

घर के सारे दरवाजे खुले पड़े थे और समान बिखरा था। चोरों ने मैनगेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया, न टूटने पर बाउंड्री वॉल फांद कर अंदर गए। इसके बाद घर में रखी करीब 17 लाख रुपये कीमत की कैडबरी चाकलेट चुरा ले गए। साथ ही घर में रखा कीमती सामान भी समेट लिया। सीसीटीवी से पहचान होने के डर से डीवीआर भी उखाड़ ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। चिनहट के सतरिख रोड स्थित सीडी पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले राजेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि दो महीने पहले ही पत्नी मोनिका सिंह के साथ ओमेक्स सिटी में शिफ्ट हुए थे और घर में कैडबरी के स्टॉक का गोदाम बना लिया था। सुरक्षा के लिए घर में इंटर लॉक और सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे।