UP News: सरकारी पाठ्य-पुस्तकों के साथ बड़ा खेल, बच्चों को बांटने के बजाए, बेचा गया कबाड़ी को, वायरल हुआ वीडियो
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग में एक और भ्रष्टाचार की खबर सामने आ रही है। अमरोहा जिले में फ्री में वितरित की जाने वाली सरकारी किताबों को कबाड़ी को बेच दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इन किताबों को परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को देना था, लेकिन दे दी गई कबाड़ी को और पैसे कमा लिए गए। इस सम्बंध में वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कम्प मच गया है। आनन-फानन में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (बीएसए) गीता वर्मा ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा कर जांच सौंप दी है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव कनैंटा के एक घर से बड़ी संख्या में बेसिक शिक्षा विभाग के सत्र 2022-23 की कक्षा एक से लेकर 8 तक की किताबें बरामद की गई हैं। बताया जा रहा है कि ये सरकारी किताबें गंगेश्वरी विकास खंड के प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों में बंटने के लिए आई थीं, लेकिन बच्चों के पास भेजने से पहले ही इसे कबाड़ी को बेचकर रुपए कमा लिए गए. कुल 120 बंडल में रखी इन किताबों की संख्या सात हजार से अधिक बताई जा रही है।
ये किताबें फारुख नाम के शख्स के रिश्तेदार ने उसके घर पर रखीं थी, जो कबाड़ी का काम करता है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रक चालक के साथ ही फारुख को भी हिरासत में ले लिया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं बीएसए गीता वर्मा ने थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और पूरे मामले पर विभागीय जांच भी बिठा दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी कबाड़ी की तलाश में जुटी है। उसके बाद ही स्पष्ट हो पायेगा, आखिर इन किताबों को रद्दी भाव बेचने के मामले में कौन-कौन लोग शामिल है।
यहां देखें वीडियो