UP News: अमेजॉन के लिए नए साल का पहला दिन रहा मनहूस, वेयरहाउस में हुई लूटपाट, 12 लाख लेकर फरार हुए बदमाश
ग्रेटर नोएडा। अमेजॉन के लिए नए साल का पहला दिन खासा खराब बीता। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के देवला में अमेजन वेयरहाउस में घुसकर तीन बदमाशों ने 12 लाख रुपए लूट लिए और फरार हो गए। घटना को हेलमेट लगाकर आए तीन बदमाशों ने अंजाम दिया। फिलहाल लूट की पूरी घटना वेयरहाउस परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस इसी का मदद से बदमाशों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक घटना के पर्दाफाश में पुलिस की 4 टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। आशंका है कि वेयरहाउस के किसी पूर्व या वर्तमान कर्मचारी ने मुखबिरी कर घटना को अंजाम दिलवाया है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि वेयरहाउस में करीब 100 कर्मचारी काम करते हैं। नए साल की देर रात दो बजे के करीब तीन बदमाश आए।
तीनों ने हेलमेट लगाए हुए थे और वेयरहाउस में रखे 12 लाख रुपए लूट लिए। बताया जा रहा है कि बैंक बंद होने की वजह से दो दिन से कैश कलेक्शन जमा नहीं हो सका था। ऐसे में आशंका है कि मुखबिर द्वारा दी गई सूचना के आधार पर ही बदमाशों ने लूट की इस बड़ी घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। (इमेज-सोशल मीडिया)