UP News: न्यू ईयर पार्टी में सेल्फी के नाम पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़, जमकर हंगामा, वीडियो हुआ वायरल
नोएडा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि बड़ी संख्या में लोग एकत्र हैं और जमकर हंगामा काटा जा रहा है। यह वीडियो ग्रेटर नोएडा का बताया जा रहा है। जानकारी सामने आई है कि एक हाउसिंग सोसायटी में नए साल की पार्टी की जश्न पूरे शबाब पर था कि तभी बवाल हो गया। बताया जा रहा है कि महिलाओं के साथ जबरन सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी के बाद बवाल हुआ।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी सामने आई है कि गौर सिटी फर्स्ट एवेन्यू सोसायटी में शनिवार रात नए साल की पार्टी का जश्न मनाया जा रहा था। लोग डीजे पर डांस कर रहे थे और जमकर हुड़दंग मचा रहे थे। इसी बीच कुछ पुरुषों ने मिलकर दो महिलाओं के साथ सेल्फी लेने की कोशिश की।
इसी के बाद महिलाओं के पतियों ने इसका विरोध कर दिया और फिर जमकर हंगामा कटा। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने पतियों को ही खींच लिया और जमकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव की कोशिश करने पर कुछ अन्य लोगों और सुरक्षा गार्डों को भी चोटे आईं। सोसायटी के एक निवासी ने मीडिया को जानकारी दी कि कुछ लोगों ने दो लोगों की पत्नियों के साथ जबरन सेल्फी लेने की कोशिश की थी। इसी के बाद पूरा हंगामा खड़ा हुआ। इस सम्बंध में पुलिस प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी के साथ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। (फोटो-सोशल मीडिया)
यहां देखें वीडियो