UP CM Fellow Scheme: UPCM फेलो योजना अब लागू होगी पूरे देश में, हर महीने मिलेगा 55 हजार रुपए वेतन, देखें पूरी जानकारी
UP CM Fellow Scheme: प्रदेश में लागू यूपी सीएम फेलो योजना अब योजना नीति आयोग को भी भा गई है, इसीलिए अब आयोग ने सीएम फेलो योजना को पूरे देश में लागू करने की ठान ली है और इसके लिए जरूरी निर्देश भी लागू कर दिए गए हैं. बता दें कि यह योजना यूपी के आकांक्षात्मक ब्लॉकों की निगरानी और नियोजन के लिए शुरू की गई थी, जिसे अब पूरे देश में लागू किया जाएगा और केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का काम दिया जाएगा.
मीडिया सूत्रों के मुताबिक, इस योजना के लिए पूरे देश में 500 पिछड़े ब्लॉकों का चयन किया गया है, जिसमें से यूपी के 68 ब्लॉकों को भी शामिल किया गया है. इस योजना के तहत आयोग चुने हुए सभी ब्लॉकों में फेलो नियुक्त करेगा जो केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएंगे. इस सम्बंध में आयोग ने सभी राज्यों को पत्र लिख दिया है और इसमें फेलो की नियुक्ति के निर्देश भी दे दिए हैं. इसी के साथ फेलो का नाम भी तय कर लिया गया है. नीति आयोग ने देश के 500 ब्लॉकों में तैनाती पाने वाले फेलो का नाम एस्पिरेशनल ब्लॉक डेवलपमेंट फेलो रखने की योजना बनाई है.
जिलाधिकारी के नेतृत्व में करना होगा काम
बता दें कि तैनात सभी फेलो को जिलाधिकारी के नेतृत्व में काम करना होगा. जिस तरह से यूपी सरकार के लिए फेलो काम कर रहे हैं ठीक उसी तरह से नीति आयोग के ये फेलो केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों तक पहुंचाने का काम करेंगे. अपने कार्य की इनको रिपोर्ट भी देनी होगी. इनका कार्यकाल एक साल का होगा, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर कार्यकाल को आगे बढ़ाया भी जा सकता है. इन फेलो को 55,000 रुपये महीने सैलरी दी जाएगी. पहले इनकी ट्रेंनिंग होगी और केंद्र की योजनाओं के बारे में इनको बताया जाएगा. इसके बाद इनको ब्लाकों में भेजा जाएगा. यूपी सरकार ने भी प्रदेश के 100 पिछड़े ब्लॉकों में नियुक्ति किए गए सीएम फेलो को पहले दो हफ्ते का प्रशिक्षण दिया था, इसी के बाद जिम्मेदारी सौंपी गई थी.