स्कूल बस की टूटी फर्श से सड़क पर गिरी यूकेजी छात्रा… चढा पहिया;मौत-Video

March 1, 2026 by No Comments

Share News

Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां यूकेजी की छात्रा स्कूल बस के टूटे फर्श से यूकेजी की छात्रा सड़क पर गिर गई और फिर स्कूल बस का पहिया उस पर चढ़ गया जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में आक्रोश है और कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है. इस घटना से परिवहन विभाग और स्कूल प्रबंधन की लापरवाही साफ नजर आ रही है. अगर बस ठीक नहीं थी और उसका फर्श टूटा था तो या तो बस को ठीक कराना चाहिए था या फिर उस जगह पर बच्ची को नहीं बैठाना चाहिए था.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस की फर्श टूटी हुई थी और उसी के ऊपर सीट पर बच्ची बैठी थी. जैसे ही ब्रेकर पर बस उछली तो टूटे फर्श से यूकेजी की छात्रा सड़क पर जा गिरी और फिर बस के पिछले पहिये के नीचे आ गई जिससे उसकी मौत हो गई. बस में मौजूद भाई सहित छह बच्चे चीखने लगे तब चालक ने बस रोकर छात्रा को सड़क से उठाया और फिर उसे बेहोश समझकर सीट पर लिटा दिया.

इस घटना की जानकारी जैसे ही बच्ची के घरवालों को हुई. ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और चालक को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया. बस को तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया और दो घंटे तक हंगामा चलता रहा. इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया.

छुट्‌टी से लौट रही थी बच्ची

सात साल की बच्ची का नाम अनन्या है और वह जनसेवा केंद्र संचालक रवि कुमार की बेटी थी. वह माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ते थी. उसके साथ ही उसका बड़ा भाई गोलू कक्षा 3 में पढ़ता है.दोनों भाई-बहन स्कूल की बस से ही स्कूल आते-जाते थे. शनिवार को भी स्कूल गए और छुट्टी होने पर चालक चंद्रपाल बस में 50 बच्चों को लेकर निकला. खबरों के मुताबिक, अनन्या कंडक्टर की तरफ वाली सीट पर भाई के साथ बैठी थी और जैसे ही दोपहर करीब ढाई बजे गांव नगला बंजारा के निकट बस पहुंची ब्रेकर पर इस तरह उछली कि अनन्या बस के टूटे फर्श के हिस्से से होते हुए सड़क पर जा गिरी और हादसे में मौत हो गई. भाई के चीखने चिल्लाने के बाद चालक ने बस रोकी.

चालक ने घायल होने की दी थी जानकारी

परिजनों का बयान इस मामले में सामने आया है जिसमें उन्होने बताया कि अनन्या की मौत हो चुकी थी लेकिन चालक ने बच्ची के पिता रवि को फोन पर बच्ची के घायल होने की जानकारी दी थी. इस पर वह तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची को मृत देख कर रो पड़े. चीख-चिल्लाहट से ग्रामीणों इकठ्ठा होने लगे. इस पर चालक बस छोड़कर भागने लगा लेकिन ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया और फिर बस को छर्रा-कासगंज मार्ग पर तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया और चालक की जमकर पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया.

सीओ ने दिया कड़ा कार्रवाई का भरोसा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीओ छर्रा संजीव कुमार तोमर ने ग्रामीणों को जब चालक पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर जाम हटा. थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा.

एआरटीओ ने दी सफाई

मामला तूल पड़ने के बाद एआरटीओ प्रवर्तन प्रवेश कुमार का बयान सामने आया है और उन्होंने सफाई देते हुए कहा है कि बस का पंजीयन कासगंज में था और घटनास्थल भी कासगंज जनपद ही है. 11 महीने पहले बस को फिटनेस प्रमाण पत्र दिया गया था. उन्होंने दावा किया कि फिटनेस के वक्त बस की स्थिति ठीक थी लेकिन बस संचालक ने परमिट व बीमा का नवीनीकरण नहीं कराया है. इसलिए दोनों को खत्म कर दिया जाएगा और बस का पंजीयन अब निरस्त कराया जाएगा.

स्कूल प्रबंधन ने जताया दुख

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन अरविंद यादव का बयान सामने आया है. उन्होंने घटना पर दुख जताया है. साथ ही कहा है कि प्रतिदिन बस से स्कूली बच्चे आते और जाते हैं. उन्होंने दावा किया कि शनिवार को ही बस का फर्श टूटा था.

ये भी पढ़ें-CBSE से बड़ी खबर…बोर्ड परीक्षाएं स्थगित; ये वजह आई सामने