Ayodhya: 80 साल की सास को बहू ने रात में सड़क पर छोड़ा, सुबह तक मौत…तीन गिरफ्तार-Video

August 3, 2025 by No Comments

Share News

Ayodhya: सोशल मीडिया पर एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है. इस सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन लोग एक बुजुर्ग महिला को सड़क पर छोड़कर जा रहे हैं.

इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली ये घटना उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या से सामने आई है. फिलहाल सीसीटीवी सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बहू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल एक बहू ने अपनी 80 वर्षीय सास को सड़क पर बेसहारा छोड़ दिया था. वृद्धा पूरी रात सड़क पर तड़पती रहीं. इस दौरान इलाके के लोगों ने उनको राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया जहां उनकी मौत हो गई.

तो वहीं CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली है कि ये घटना 24 जुलाई की रात की है. वीडियो में एक पुरूष और दो महिलाएं दिखाई दे रही हैं जो कि एक बुजुर्ग महिला को सड़क पर छोड़ते हुए दिख रही हैं. वीडियो की मदद से पुलिस की जांच टीम ने खोजबीन की तो पता चला कि बुजुर्ग महिला का नाम भगवती है और वह गोंडा जिले की रहने वाली थी.

पुलिस ने आगे जांच में पाया कि बुजुर्ग महिला भगवती को उनकी बहू जया सिंह ने सड़क पर छोड़ दिया था. इसके बाद पुलिस ने जया को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में जया सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके ससुर बृजलाल की पहले ही मौत हो चुकी है और सास 3-4 महीने से कैंसर से जूझ रही है और वह भी कई दिनों से बीमार चल रही हैं.

जया ने बताया कि उनकी शादी राजू सिंह से हुई थी. राजू को उनके सास-ससुर ने गोद लिया था और वह अब इतनी शराब पीता है कि घर पर कोई खर्च नहीं देता, जिसकी वजह से वह सास का इलाज नहीं करा पा रही थी. इस वजह से 23 जुलाई की रात पड़ोसी की मदद से ई-रिक्शा में ले जाकर सास को सडक पर छोड़ दिया.

इस सम्बंध में अयोध्या के एसएसपी गौरव ग्रोवर ने मीडिया को जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज के सामने आने के बाद सबसे पहले हमने बुजुर्ग महिला की पहचान की और पिर केस दर्ज कर बहू जया को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है. तो वहीं ताजा खबर सामने आई है कि पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

ये भी पढ़ें-नाग की मौत के 15 दिन बाद गांव में बदला लेने पहुंची नागिन…! घर के लोगों में दहशत-Video