भगवान श्रीकृष्ण से रचाया विवाह…ऐसे भरी मांग- Video वायरल; जानें ऐसी शादी को लेकर क्या कहता है कानून?

December 9, 2025 by No Comments

Share News

Badaun News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक युवती भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के साथ विवाह रचाती हुई दिख रही है. यह वीडियो उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से सामने आया है, हालांकि ऐसा पहली बार नहीं जब किसी युवती ने बांके बिहारी से विवाह किया हो. इससे पहले भी कई युवतियां विवाह कर चुकी हैं.

ताजा मामला बदायूं से सामने आया है. यहां 28 वर्षीय पिंकी शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण से पूरे रीति-रिवाज के साथ विवाह कर लिया है. बताते हैं कि वह बचपन से ही भगवान श्रीकृष्ण की भक्त थीं. विवाह में परिवार सहित पूरा गांव शामिल हुआ. फिलहाल ये शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. तो लोग ये भी सवाल खड़े कर रहे हैं कि क्या इस तरह की शादी को कानूनी मान्यता मिलती है या नही? क्या कानून की नजर में भगवान एक ‘लीगल पर्सन’ हैं? जानें क्या कहता है हिंदू मैरिज एक्ट?

हिंदू मैरिज एक्ट

भारत में हिंदू मैरिज एक्ट के तहत हिंदुओं के विवाह, तलाक को कानूनी मान्यता दी गई है. इस कानून का मुख्य उद्देश्य दो व्यक्तियों द्वारा किए गए विवाह को वैध रूप प्रदान करना है. साथ ही ये कानून बहुविवाह पर रोक लगाता है और विवाह की कानूनी उम्र तय करता है. साथ ही महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करता है. इस कानून के तहत दो हिंदू व्यक्तियों (महिला या पुरुष) के बीच कानूनी तरह से किया गया विवाह वैध कहलाता है. यह सभी तरह के हिंदुओं पर लागू होता है, चाहे वे किसी भी जाति के हों.

क्या पिंकी की शादी को मिलेगी कानूनी मान्यता?

अगर हिंदू मैरिज एक्ट को देखें तो इस तरह के विवाह को कानूनी मान्यता नहीं दी जा सकती. यह कानून दो इंसानों के बीच हुई शादी को ही कानूनी मान्यता देता है. इसलिए इसकी यानी कानून की नजर में किसी देवता या फिर भगवान को मंदिर की संपत्ति के रूप में तो लीगल पर्सन माना जाता है, लेकिन शादी के संदर्भ में नहीं. इसलिए यह विवाह कानूनी तौर पर वैध नहीं होगा लेकिन सामाजिक व धार्मिक रूप से इस तरह की शादी को भारतीय समाज सही मानता है और इसे प्रतीकात्मक विवाह माना जाता है लेकिन कानूनी दर्जा नहीं मिलता. यानी किसी तरह से युवती या फिर युवक को पति या पत्नी वाले कानूनी अधिकार नहीं मिलते.

क्या बोलीं पिंकी?

सोशल मीडिया पर पिंकी का बयान तेजी से वायरल हो रहा है. पिंकी ने कहा कि वह शादी को लेकर कन्फ्यूज थीं. वह कहती हैं कि वह सालों से भगवान श्रीकृष्ण को मानती आ रही हैं और चार महीने पहले बांके बिहारी मंदिर गई थी. वहां प्रसाद में मुझे पेड़ा, फूलों की माला और एक सोने अंगूठी मिली. वह कहती हैं कि इसे देखकर उनको ऐसा अनुभव हुआ कि उससे उनका जीवन बदल गया और फिर श्रीकृष्ण से शादी करने का फैसला कर लिया.

वह कहती हैं कि मुझे लगा कि अब मैं श्रीकृष्ण की होकर रहूंगी. वो मेरे सपने में भी आते हैं, दर्शन देते हैं. मैंने अब अपने आपको इनको को अर्पण कर दिया है. जो भी हैं. मेरे श्रीकुंज बिहारी श्री हरिदास यही हैं. मैं इससे आगे कुछ नहीं बोल सकती.

ये भी पढ़ें-“चुटिया पकड़ के गिरादौ या ने हमैं… ” रोती हुई छात्रा ने स्कूल प्रबंधक पर लात-घूसों से पीटने का लगाया आरोप…Video