स्कूल से मास्टर जी ने बच्चों को भेज दिया सिलेंडर भरवाने…Video वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

November 5, 2025 by No Comments

Share News

Chitrakoot : सोशल मीडिया पर कुछ वीडियोज तेजी से वायरल हो रहे हैं जिसमें किसी सरकारी विद्यालय के बच्चे साइकिल पर सिलेंडर ले कर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो चित्रकूट के मानिकपुर विकासखंड का बताया जा रहा है. वीडियो बनाने वाले ने बच्चों से पूछा कि वह किस विद्यालय से हैं तो एक बच्चे ने बताया कि वे उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरौला के बच्चे हैं और मास्टर जी(श्री राजेंद्र प्रसाद पटेल-प्रिंसिपल) ने उनको सिलेंडर भरवाने के लिए भेजा है.

तो वहीं इसी वीडियो में एक अन्य बच्चे ने अपना नाम बताते हुए खुद को प्राथमिक विद्यालय गुरौला का बताया और कहा कि उसे मास्टर जी शैलेंद्र प्रसाद जो कि प्रिंसिपल हैं ने सिलेंडर लेने के लिए भेजा है. दोनों बच्चों के हाथ में गैस सिलेंडर वितरण प्रबंधक के नाम लिखी पर्ची भी है जिस पर 29 अक्टूबर 2025 की तारीख लिखी हुई है. तो वहीं सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो के बाद हड़कंप मच गया है.

विद्यालय प्रशासन की लापरवाही सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. फिलहाल अभी इस वीडियो को लेकर किसी भी अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है लेकिन इस वीडियो से एक बात ये तो साबित हो चुकी है कि सरकारी स्कूल में पढ़ाने के अलावा बच्चों से और भी कई जोखिम भरे काम लिए जा रहे हैं.

हालांकि समय-समय पर स्कूल में झाड़ू लगवाने आदि का वीडियो तो वायरल होता ही रहता है लेकिन इस ताजा वीडियो ने सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. तो वहीं वायरल वीडियो में बच्चे प्रधानाचार्य पर स्कूल के अन्य काम करवाने का आरोप लगाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं.इस तरह की लापरवाही को लेकर सोशल मीडिया पर शिक्षा विभाग की आलोचना हो रही है और सम्बंधित प्रधानाचार्य पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है. लोग सवाल खड़े कर रहे हैं कि अगर इस दौरान बच्चों के साथ कोई दुर्घटना हो जाती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? फिलहाल ये खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर लिखी गई है. इसकी पुष्टि खबरस्टिंग नहीं करता.

ये भी पढ़ें-आई लव महादेव…घर वापसी करते ही बोला मोहम्मद खान; सनातन धर्म को बताया महान-Video