Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में बंद होने जा रही है 74 फैक्ट्री! ये बड़ी वजह आई सामने
Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां करीब 75 फैक्ट्री का संचालन कुछ दिनों के लिए बंद होने जा रहा है. दरअसल 14 जनवरी से प्रयागराज में महाकुंभ मेले की शुरुआत होने जा रही है. इसको लेकर प्रदेश सरकार तेजी से तैयारी कर रही है. इसी बीच प्रदूषण नियंत्रण को लेकर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए वेस्ट यूपी के 11 जिलों के 543 औद्योगिक इकाइयों को 24 दिनों तक के लिए बंद रखा जाएगा.
इसमें ग्रेटर नोएडा की 74 फैक्ट्री और कंपनियां भी शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाकुंभ के दौरान जो फैक्ट्री बंद करने का निर्णय लिया गया वह केवल जल प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए किया जा रहा है. इसी के सात ही प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों पर भी महाकुंभ के दौरान नजर रखी जाएगी. इसको लेकर यूपीपीसीबी और सीसीबी के संयुक्त दलों के साथ जिला प्रशासन की टीम में कंपनियों और फैक्ट्री पर नजर रखेंगी.
प्रदूषण पाए जाने पर होगी कार्रवाई
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी भुवन प्रकाश यादव ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि अगर किसी कंपनी या फैक्ट्री से रंगीन या प्रदूषित जल का उत्सर्जन पाया गया तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी. उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अनुश्रवण कमेटी और थर्ड पार्टी निरीक्षण किसी भी समय निरीक्षण कर सकती है.महाकुंभ के दौरान प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. एटीपी के बंद मिलने पर उद्योगों को बंद करने की कार्यवाही तुरंत की जाएगी.
जानें कब से कब तक बंद रहेगी फैक्ट्रियां?
सिंचाई विभाग के मुताबिक, इन जिलों से गंगा नदी का जल प्रयागराज तक 9 दिन में पहुंचता है. इसकी वजह से ग्रेटर नोएडा की 74 कंपनियों और फैक्ट्री को बंद करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं और इनको 24 दिन बंद रखा जाएगा. बता दें कि महाकुंभ में स्नान जनवरी में 13 तारीख से शुरू हो जाएगा और फिर लगातार 26 फरवरी तक स्नान चलेगा. इस दौरान कई तारीखों पर फैक्ट्रियां बंद रहेंगी ताकि गंगा के जल को पवित्र रखा जा सके. जिन जिलों में उद्योग बंद रहेंगे उनमें से बागपत, मेरठ, गाजियाबाद,बुलंदशहर, ग्रेटर नोएडा, हापुड़, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर,सहारनपुर और अमरोहा शामिल है. 13 जनवरी से 26 फरवरी तक उद्योगों को बंद करने का रोस्टर तैयार किया गया है.