AKTU News: स्मार्ट मोबाइल मेडिकल वैन से होगा ग्रामीणों का इलाज… वित्त समिति की बैठक में इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी
AKTU News: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में सोमवार को यानी आज कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में वित्त समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी। सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए विश्वविद्यालय अपने गोद लिये गये गांवों में जन-जन तक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की पहल करने जा रहा है।
इसी क्रम में गोद लिए गए गांवों के लिए एक स्मार्ट मोबाइल मेडिकल वैन के प्रस्ताव का अनुमोदन प्रदान किया गया। यह मेडिकल वैन गांवों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेगी। वहीं राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने के क्रम में विश्वविद्यालय ने प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस रखने की दिशा में भी कदम बढ़ा दिया है।
बैठक में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के लिए मानदेय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी। वहीं अब विश्वविद्यालय को अपना परीक्षा भवन मिलेगा। इसके लिए 40 करोड़ रूपये के बजट के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय में साइबर एवं फॉरेंसिक इंवेस्टिगेशन तकनीकी में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस एवं साइबर लैब के बजट को पांच करोड़ से नौ करोड़ रूपये किये जाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गयी।
इसी के साथ ही अन्य प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गयी। बैठक में प्रस्तावों को वित्त अधिकारी केशव सिंह ने प्रस्तुत किया। इस दौरान प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया, आईईटी के निदेशक प्रो. वीरेंद्र पाठक, कैस के निदेशक प्रो. एसपी शुक्ल, डीन पीजी प्रो. सीतालक्ष्मी, डीन यूजी प्रो. अनुराग त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें-Bulandshahr: सपा-बसपा से दो बार रहे विधायक…पत्नी के साथ की झाड़ू वाली मारपीट; एफआईआर दर्ज-Video