Lucknow: AI के लाभ और चुनौतियों पर बच्चों ने रखे विचार…
Lucknow: नारी सेवा समिति, कैसरबाग, लखनऊ के तत्वावधान में समिति की संस्थापिका पद्मश्री मोना चंद्रावती गुप्ता की जयंती के अवसर पर दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को समिति की विभिन्न इकाइयों में अंतरविद्यालयी शैक्षणिक, साहित्यिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया।
यह आयोजन समिति की संस्थापिका प्रतिनिधि पिया कृष्णा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संगीता श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं पूर्व विभागाध्यक्ष, रसायन विज्ञान विभाग, महिला महाविद्यालय ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. संगीता श्रीवास्तव, समिति की अध्यक्ष सुमन पुरी, उपाध्यक्ष डॉ. प्रियंका भार्गव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मीनू शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर नूरुल इस्लाम स्कूल, क्राइस्ट चर्च कैथेड्रल स्कूल, नारी शिक्षा निकेतन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, मोना कॉन्वेंट स्कूल एवं मोना चंद्रावती बाल शिक्षा निकेतन सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कविता पाठ, वाद-विवाद, खो-खो एवं कैरम प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने AI के उपयोग के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार एवं तर्क प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक के लाभ, चुनौतियों तथा समाज एवं शिक्षा पर इसके प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
वहीं, कविता पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण एवं प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए ‘प्रकृति’ विषय पर हिंदी एवं अंग्रेज़ी भाषाओं में सुंदर एवं भावपूर्ण कविताएँ प्रस्तुत कीं। खो-खो एवं कैरम प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने खेल भावना, अनुशासन, एकाग्रता एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इन प्रतियोगिताओं में अद्रिका सिंह, अबूबकर, अलीज़ा बानो, अमना खान, अक्सा परवीन एवं दिव्यांश कन्नौजिया ने अपनी विलक्षण प्रतिभा और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी-अपनी शिक्षण संस्थाओं को गौरवान्वित किया।
वहीं, उत्साह, उमंग एवं खेल भावना से परिपूर्ण खो-खो प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यालयों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस प्रतियोगिता के ग्रुप ‘ए’ में मोना कॉन्वेंट स्कूल, ग्रुप ‘बी’ में मोना चंद्रावती बाल शिक्षा निकेतन, ग्रुप ‘सी’ में लालबाग गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा ग्रुप ‘डी’ में नारी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं सामूहिक समन्वय का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं के समापन पर मुख्य अतिथि डॉ. संगीता श्रीवास्तव द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की तथा विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर समिति के महासचिव नीरज पाठक तथा मीडिया प्रभारी प्रो. (डॉ.) विभा अग्निहोत्री, एवं समिति की विभिन्न इकाइयों के प्राचार्यगण, प्रधानाचार्यगण, शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
यह आयोजन समिति की संस्थापिका पद्मश्री मोना चंद्रावती गुप्ता के शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं समाज सेवा के आदर्शों को समर्पित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल एवं खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का सार्थक प्रयास किया गया।
कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए प्राचार्यों, प्रधानाचार्यों,शिक्षक-शिक्षिकाओं,कर्मचारियों, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
ये भी पढ़ें-30 साल की इंस्टाग्राम व्लॉगर को सहेली के बुजुर्ग पिता से हुआ प्यार…होने जा रही है शादी-Video