Video: बाइक सवार पर तेंदुए ने किया अटैक, वायरल हुआ वीडियो, जानें कहां का है वीडियो, IIT कानपुर परेशान
बाइक सवार पर अटैक करते तेंदुए का वीडियो जब वायरल होते-होते लखनऊ और कानपुर वालों के मोबाइल इनबॉक्स में पहुंचा तो लोगों की रूह कांप गई और लोगों को लगा कि यह तेंदुआ आईआईटी कानपुर में लोगों के ऊपर अटैक कर रहा है, लेकिन ऐसा नहीं है। हालांकि हाल ही में आईआईटी कानपुर के आस-पास भी तेंदुए के दिखाई देने की खबर सामने आई थी, लेकिन उसे पकड़ा नहीं जा सका है। इस वजह से यहां के लोग भी डरे-सहमे हैं।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक के मैसूर जिले में एक दिन पहले तेंदुआ कुत्ते का शिकार करने के चलते रिहायशी इलाके में घुस गया था। इस पर लोगों ने देखा तो शोर मचाने लगे और उसे भगाने लगे तो वह तेजी से भागा। इसी बीच एक बाइक सवार के ऊपर हमला बोल दिया। तभी एक शख्स ने उस पर ईंट से प्रहार किया तो तेंदुआ उसी शख्स के ऊपर लपक पड़ा।
फिलहाल इसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है, लेकिन तेंदुए की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ा जा सका। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को देखते ही लोग उस पर हमला करने लगे थे, जिसके बाद वो गुस्से में आ गया और इतना आक्रामक हो गया। आईएफएस अधिकारी सुशांता नंदा ने भी वीडियो शेयर करते हुए जानकारी दी है कि यह वीडियो मैसूर का है।

वहीं वायरल वीडियो जब कानपुर व लखनऊ के लोगों के पास व्हाट्सअप के जरिए पहुंता को लोगों ने इस वीडियो को कानपुर आईआईटी का बताया। इस पर कानपुर आईआईटी से इस सम्बंध में जब बात की गई तो उन्होंने इंकार कर दिया। काफी हद तक बार-बार पूछे जाने के कारण कानपुर आईआईटी की मीडिया सेल परेशान हो गई। बता दें कि हाल ही में यहां भी तेंदुआ दिखने की खबर सामने आ चुकी है। ऐसे में जब मैसूर का यह वीडियो लोगों के इनबॉक्स में पहुंचा तो लोग इसे आईआईटी कानपुर का समझ बैठे। (फोटो वायरल वीडियो व सोशल मीडिया से ली गई है)
यहां देखें वीडियो