Lucknow University: छात्रा उन्नति सक्सेना को मिली बड़ी उपलब्धि…राष्ट्रीय फार्मा अन्वेषण में करेंगी यूपी एवं एलयू का प्रतिनिधित्व

Share News

Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज (IPS) की बी.फार्म तृतीय वर्ष की प्रतिभाशाली छात्रा उन्नति सक्सेना को फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नई दिल्ली द्वारा आयोजित नेशनल फार्मा अन्वेषण 2026 में भाग लेने लिए आमंत्रित किया गया है। राज्य स्तरीय फार्मा अन्वेषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपरांत उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश राज्य एवं लखनऊ विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है।

उन्नति सक्सेना ने यह उपलब्धि डॉ. अभिषेक कुमार, सहायक आचार्य, इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज, लखनऊ विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किए गए अपने शोध एवं नवाचार कार्य के आधार पर प्राप्त की है। उनके नवाचारी कार्य को राज्य स्तर पर सराहा गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें राष्ट्रीय मंच पर अपनी परियोजना प्रस्तुत करने के लिए चयनित किया गया।

फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के सहयोग से एल. एम. कॉलेज ऑफ फार्मेसी, अहमदाबाद द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय कार्यक्रम 11 जुलाई 2026 को अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित होगा। इस वर्ष की थीम “Future Pharma Ecosystem: Fostering Synergy among Academia, Industry, Research, Regulatory and Practice” निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत देशभर के प्रतिभागी अपने नवाचारों एवं अनुसंधान उपलब्धियों का प्रदर्शन करेंगे।

इस उपलब्धि पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने उन्नति सक्सेना एवं उनके मार्गदर्शक डॉ. अभिषेक कुमार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता और नवाचार संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उन्नति राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय एवं उत्तर प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगी।

ये भी पढ़ें-पत्नी ने खुद ही उजाड़ दिया सुहाग…इन लोगों के साथ मिलकर पति को दी दर्दनाक मौत-Video