Weather: यूपी से लेकर कश्मीर तक कई राज्यों में बारिश का अलर्ट; ओलावृष्टि की भी सम्भावना, रहें सतर्क

Share News

Weather: दिल्ली, कर्नाटक के कलबुर्गी सहित देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश जारी है और मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। आंशिक मध्य भारत के साथ ही पूरे दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में देश के कई राज्यों में झमाझम बारिश जारी है. तो वहीं समुद्र तटीय इलाकों में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं।

तो वहीं अब मौसम विज्ञान विभाग का ताजा बयान सामने आया है, जिसमें कहा गया है कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जिसके कारण देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की सम्भावना है. इसी के साथ ही मौसम विभाग ने दक्षिणी राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम को लेकर IMD के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ गया है, जो ओडिशा, बंगाल की खाड़ी के पूर्वी हिस्से, पूर्वोत्तर राज्यों को कवर कर रहा है.

उन्होंने आगे कहा कि देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र खास तौर पर पंजाब और हरियाणा में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इसी तरह का मौसम जम्मू-कश्मीर में भी हो सकता है।

इसी के साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की संभावना भी जताई है और यूपी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तो दूसरी ओर दिल्ली में गरज के साथ बारिश जारी है और तेज हवाएं चल रही हैं. अखिल श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली में कल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ ही अधिकतम तापमान को लेकर कहा कि अधिकतम तापमान 36-39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसी के साथ ही पश्चिमी राजस्थान में कल और परसों कुछ जगहों पर लू चलने की भी सम्भावना होती है.

जानें केरल और लक्षद्वीप क्षेत्र में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने केरल और लक्षद्वीप क्षेत्र को लेकर भी अलर्ट जारी किया है और बताया है कि आने वाले 2-3 दिनों के बीच केरल और लक्षद्वीप क्षेत्र में निचले क्षोभमंडल स्तर पर तेज पश्चिमी हवाएं चलने के आसार हैं. इसका असर ये होगा कि 29 और 30 मई 2025 को केरल में छिटपुट स्थानों पर भारी और बहुत अधिक बारिश हो सकती है. तो वहीं 31 मई के साथ ही 1 और 2 जून 2025 को केरल के कई स्थानों पर भारी वर्षा होने के आसार हैं. यही वजह है कि केरल के आठ जिलों ( कोट्टायम,पथानामथिट्टा, इडुक्की, एर्नाकुलम, वायनाड, कोझीकोड, कासरगोड कन्नूर) में रेड अलर्ट और छह जिलों (कोल्लम, तिरुवनंतपुरम, त्रिशूर, अलपुझा, मलप्पुरम के साथ ही पलक्कड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

यहां जारी हुआ चक्रवाती तूफान के लिए अलर्ट

मौसम विभाग ने तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों के लिए चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है और आस-पास के लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है. साथ ही बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के चलते बंदरगाहों पर चक्रवात चेतावनी संकेत जारी करने की सलाह दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चक्रवात चेतावनी संख्या 1 को 7 बंदरगाहों पर जारी किया गया है, जिनमें कुड्डालोर,चेन्नई, एन्नोर, नागापट्टिनम, पुडुचेरी, कट्टुपल्ली और कराईकल शामिल हैं. इसी के साथ ही चक्रवात चेतावनी संख्या 3 को पंबन और तूतीकोरिन बंदरगाहों पर भी जारी की गई है.

ये भी पढ़ें-Jyoti Malhotra: जासूसी मामले में गिरफ्तार ज्योति मल्होत्रा का पहला बयान आया सामने…वकील ने किया बड़ा खुलासा