Jharkhand:कांग्रेस विधायक का दावा, झारखंड सरकार गिराने को मंत्री पद के साथ ही था 10 करोड़ का ऑफर, तीनों सस्पेंड विधायकों को भेजा गया 10 दिन की पुलिस रिमांड पर, देखें असम में किससे मिलाने का किया गया था वादा, वीडियो
कार में कैश के साथ हिरासत में लिए गए कांग्रेस के तीन विधायकों का वीडियो सामने आने के बाद झारखंड के बेरमो विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने दावा किया है कि उनको मंत्री पद के साथ ही 10 करोड़ का ऑफर आया था। उन्होंने अपनी ही पार्टी के तीन विधायकों (इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल) पर झारखंड सरकार गिराने की साजिश का आरोप लगाया है। इस सम्बंध में रांची के अरगोड़ा थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। एएनआई की रिपोर्ट के मुताबित हावड़ा ज़िला अदालत ने भारी मात्रा में नकदी के साथ गिरफ्तार झारखंड के तीन विधायकों को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने का निर्देश दिया है।
कुमार ने आरोप लगाया कि इन तीनों विधायकों के माध्यम से ही उनके पास ऑफर आया था। कुमार ने मीडिया को बताया कि उनसे कहा गया था कि गुवाहाटी में उनकी मुलाकात असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा से कराई जाएगी, जो झारखंड में बनने वाली नई सरकार में उन्हें मंत्री पद देने के लिए बातचीत करेंगे।
बता दें कि रांची के अरगोड़ा थाने में कांग्रेस के तीन विधायकों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई है, जिसकी कॉपी पश्चिम बंगाल के हावड़ा (ग्रामीण) की एसपी को भेज दी गई है। बता दें कि कांग्रेस के तीन विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी को हावड़ा जिले के रानीहाट में शनिवार शाम को भारी मात्रा में कैश के साथ पुलिस ने हिरासत में लिया था।
बता दें कि कांग्रेस ने इन तीनों विधायकों को पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया है और तीनों के खिलाफ सरकार गिराने की साजिश में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। इन तीनों के पास के भारी मात्रा में बंगाल में पुलिस को कैश मिला था। विधायक अनूप सिंह ने बताया कि इरफान ने उनसे नई सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनवाने का वादा किया था। इसी के साथ इरफान ने ये भी कहा था कि वह शनिवार (कल) दोपहर कोलकाता पहुंच रहे हैं। उनके लोगों को पैसे भी ट्रांसफर किए गए हैं। इसी के साथ अनूप ने पुलिस से आग्रह किया है कि इस पूरे मामले की गम्भीरता से जांच की जाए।