Yogi Adityanath: गोरखपुर में बनेगा विश्वस्तरीय रोइंग स्पोर्ट्स सेंटर; सीएम योगी ने की ये घोषणा,जानें खिलाड़ियों के लिए क्या कुछ कर रही है यूपी सरकार-Video

October 26, 2024 by No Comments

Share News

Yogi Adityanath: शनिवार को रामगढ़ ताल में 25वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप के समापन समारोह में खिलाड़ियों के साथ ही सभा में उपस्थित अन्य लोगों को सम्बोधित करते हुए यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रोइंग (नावों का रेसिंग खेल) के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। जरूरत है प्रतिभाओं को तराशने की। हमारे रोइंग खिलाड़ी ओलंपिक और अन्य वैश्विक प्रतिस्पर्धाओं में प्रतिभाग कर मेडल जीत सकते हैं।

मालूम हो कि रोइंग में प्रतिभाओं को तराशने के लिए सरकार रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुरोध पर रोइंग स्पोर्ट्स सेंटर खोलने के लिए रामगढ़ ताल के पास बने वर्ल्ड क्लास वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्पेस देगी। इसी के साथ ही सेंटर को आगे बढ़ाने के लिए भी योगी सरकार हर तरह का सहयोग देने के लिए तैयार है। तो वहीं अब रोइंग में इन्ट्रेस्ट रखने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक ऐलान से गोरखपुर में रोइंग स्पोर्ट्स सेंटर बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि रामगढ़ताल के समीप विश्व स्तरीय रोइंग स्पोर्ट्स सेंटर बनाने के लिए सरकार रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएफआई) को वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जगह उपलब्ध कराएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की सभी बड़ी झीलों में वाटर स्पोर्ट्स की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

 

खेल है शानदार करियर

इस मौके पर उपस्थित खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए सीएम ने कहा कि खेल शरीर और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के साथ अब शानदार करियर बनाने का भी सशक्त माध्यम बन गया है। इसके आगे वह बोले कि प्रदेश सरकार ने खेल नीति बनाकर ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले यूपी के खिलाड़ियों को शासकीय सेवाओं में सीधी नौकरी देने का शासनादेश जारी कर रखा है। टोक्यो ओलंपिक में पदक विजेता हॉकी टीम के खिलाड़ी ललित उपाध्याय को यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी की नौकरी दी गई है। इस बार के ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी राजकुमार पाल को भी नौकरी देने की घोषणा की आज चुकी है।

कई प्राकृतिक झीलें हैं यूपी में

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर कहा कि यूपी में कई प्राकृतिक झीलें हैं, वहां भी रोइंग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर की अन्य रोइंग स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले यूपी के खिलाड़ियों लक्ष्मण अवार्डी और देवरिया के युवा कल्याण अधिकारी पुनीत बालियान, लक्ष्मण अवॉर्डी कुदरत अली, बुलंदशहर निवासी अरविंद सिंह, सुल्तानपुर निवासी मोहम्मद आजाद, हापुड़ निवासी लोकेश कुमार और संतकबीरनगर निवासी राजेश कुमार जैसे रोइंग के खिलाड़ियों ने प्रदेश का मान देश और दुनिया में बढ़ाया है।

57 हजार ग्राम पंचायतों में बनाए जा रहे हैं ओपन जिम

सीएम ने ये भी बताया कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के साथ ही उनको प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इसके तहत युद्ध स्तर पर प्रदेश की सभी 57 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदान व ओपन जिम, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर प्रदेश के पहले और विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय का निर्माण भी तेजी से हो रहा है।

500 से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ा जा चुका है शासकीय सेवाओं से

सीएम ने कहा कि अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को शासकीय सेवाओं से जोड़ा जा चुका है। डबल इंजन की सरकार खेलों को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया, सांसद खेल स्पर्धा, फिट इंडिया मूवमेंट आदि से देश में खेलों का बेहतरीन माहौल बना है।

10 साल पहले रामगढ़ ताल था अपराध का गढ़

सीएम योगी ने पहले की सरकार का नाम लिए बगैर ही कहा कि 10 वर्ष पूर्व जो रामगढ़ ताल पूर्वी उत्तर प्रदेश के अपराध का गढ़ था, वह आज प्रभु राम की कृपा से आकर्षण और जल क्रीड़ा की प्रतियोगिताओं का गढ़ बन गया है। यही वास्तविक परिवर्तन होता है। रामगढ़ ताल पर्यटन के साथ खेल का भी बेहतरीन डेस्टिनेशन बन गया है। इसके आसपास कई होटल खुल चुके हैं, ताल में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट भी शुरू हो गया है।

57 हजार ग्राम पंचायतों में बनाए जा रहे हैं ओपन जिम

सीएम ने ये भी बताया कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के साथ ही उनको प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इसके तहत युद्ध स्तर पर प्रदेश की सभी 57 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदान व ओपन जिम, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरठ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर प्रदेश के पहले और विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय का निर्माण भी तेजी से हो रहा है।

खिलाड़ियों को इतने करोड़ दे रही योगी सरकार

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से ओलंपिक एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेता को 6 करोड़, रजत पदक विजेता को 4 करोड़ तथा कांस्य पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये देने की व्यवस्था तय की गई है। उन्होंने ये भी कहा कि ओलंपिक की टीम स्पर्धा में यह राशि क्रमशः 3, 2 व 1 करोड़ रुपये है। ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस मौके पर सीएम ने ये भी कहा कि एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 1.5 करोड़ तथा कांस्य पदक विजेता को 75 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है।

कामनवेल्थ खेल तथा विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता को 1.5 करोड़, रजत पदक विजेता को 75 लाख व कांस्य पदक विजेता को 50 लाख रुपये दिए जाते हैं। तो वहीं सैफ और नेशनल गेम्स में भी विजेताओं को नकद राशि से पुरस्कृत किया जाता है।

पुराने खिलाड़ियों को नियुक्त किया जा रहा है कोच के रूप में

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुराने खिलाड़ियों को सरकार कोच के रूप में नियुक्त कर उन्हें प्रतिमाह डेढ़ लाख रुपये मानदेय दे रही है। पद्म पुरस्कार करने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए सरकार की तरफ से प्रतिमाह 20 हजार रुपये वित्तीय सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही अशक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 6 हजार तथा राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को प्रतिमाह 4 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है।

140 खिलाड़ियों को दी गई है आर्थिक सहायता

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 140 खिलाड़ियों को एकलव्य क्रीड़ा कोष से आर्थिक सहायता दी गई है। इस मौके पर सीएम ने सभी को दीवाली की बधाई दी और कहा कि जब हम अच्छा सोचते हैं, तो हमारी सकारात्मक ऊर्जा समाज और राष्ट्र के उत्थान में लगती है। बता दें कि रामगढ़ ताल में दूसरी बार रोइंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन से सीएम योगी खासे प्रसन्न दिखाई दिए. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अतिरिक्त प्रसन्नता का क्षण है।

ये भी पढ़ें-चिंताजनक: क्वालिटी टेस्ट में फेल… कैल्शियम-विटामिन डी3 समेत 49 दवाएं; पैरासिटामोल भी शामिल