Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी को पिता राजीव गांधी की तरह ही बम से उड़ाने की मिली धमकी, वायरल हुआ धमकी भरा पत्र, पढ़ें क्या है लिखा, देखें वीडियो

November 18, 2022 by No Comments

Share News

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को उनको पिता व पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तरह ही इंदौर में बम से उड़ा देने की धमकी मिली है। धमकी भरा लेटर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वैसे ये लेटर मिठाई की दुकान पर अज्ञात व्यक्ति ने छोड़ दिया था जिसे मिठाई की दुकान संचालक ने पुलिस के हवाले कर दिया है। पत्र में इंदौर के खालसा कॉलेज में भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी के रुकने पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

इंदौर में मिली धमकी के बाद से यही यहां के जिला और पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए हैं। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में मिठाई की दुकान पर धमकी भरा पत्र मिला है। फिलहाल पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पत्र छोड़ने वाले की तलाश में जुटी गई है। बताया जा रहा है कि तहसील इंदौर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र स्थित मिठाई की दुकान पर अज्ञात व्यक्ति ने पत्र छोड़ दिया था। इस सम्बंध में दुकान संचालक का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पत्र के बारे में जानकारी देते हुए दिखाई दे रहा है।

डीसीपी इंटेलीजेंस रजत सकलेचा ने मीडिया को बताया कि इस तरह का धमकी भरा पत्र मिलने की पुष्टि की है। पत्र उज्जैन से आना बताया जा रहा है। प्रेषित में रतलाम के विधायक का नाम लिखा है। गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्य प्रदेश में 24 नवम्बर से शुरू होने जा रही है। पुलिस आसपास के टीवी फुटेज खंगाल रही है। हाल ही में खालसा कालेज में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ का प्रकाश पर्व पर कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किए जाने पर पंजाब के कीर्तनकार ने आलोचना की थी। इस पत्र में कमलनाथ को भी धमकी दी गई है।

बदनाम करने की है साजिश
इंदौर में राहुल गांधी को लेकर धमकी भरा पत्र मिलने के बाद रतलाम के विधायक विधायक चेतन्य काश्यप ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि इस मामले में उनका कोई हाथ नहीं है। उनको बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि इंदौर में धमकी भरा पत्र मिलने और उसके लिफाफे पर मेरा नाम लिखा होने की जानकारी मिली है। ऐसे किसी पत्र से मेरा कोई लेना देना नहीं है। यह मुझे बदनाम करने षड़यंत्र है। उन्होंने बताया कि वे मुंबई प्रवास पर है। सोशल मीडिया से इंदौर में धमकी भरा पत्र और उसके लिफाफे पर उनका नाम लिखने के षड़यंत्र की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल रतलाम एसपी और इंदौर पुलिस कमिश्नर से चर्चा की। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और तत्काल षड़यंत्रकारी को पकड़कर उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की मांग की है।

पुलिस से उचित कार्यवाही की मांग
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजेश चौकसे ने पुलिस से मांग की है कि धमकी भरे पत्र को लेकर उचित कार्यवाही की जाए। इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से उन लोगों में खलबली मच गई है जो राष्ट्र को एकीकृत होते नहीं देखना चाहते। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व में भी आशंकाएं जाहिर कर चुके हैं। अब इंदौर में मिले इस धमकी भरे पत्र ने चिंताओं को और भी बढ़ा दिया है। पुलिस और प्रशासन को वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की सुरक्षा को और भी पुख्ता करना चाहिए। साथ ही इस मामले में उचित कार्यवाही करना चाहिए।

यहां देखें वीडियो