MCD Election Result: जीत के बाद शकीला बेगम ने बुर्के के अंदर से दिया बयान, वायरल हुआ वीडियो, जानें किस क्षेत्र की बनी हैं तीसरी बार पार्षद
नई दिल्ली। नई दिल्ली एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भाजपा को जोरदार शिकस्त दी है। मुख्य मुकाबला इन दोनों ही पार्टियों के बीच रहा लेकिन तीन वार्डों पर निर्दलियों ने जीत हासिल कर अपनी दबदबा बरकरार रखा। इन्हीं में से एक है सीलमपुर वार्ड नंबर 225 की सीट, जहां से शकीला बेगम ने जीत हासिल की है। जीत के बाद जब वह मीडिया से मुखातिब हुई, तो उनका चेहरा पूरी तरह से बुर्के से ढका था और उन्होंने इसी तरह मीडिया को जवाब देते हुए जनता को धन्यवाद दिया।
जनता को दिया धन्यवाद
वायरल वीडियो में शकीला बेगम कह रही हैं कि ‘सीलमपुर की जनता को मैं बहुत मुबारकबाद देती हूं और दुआ करती हूं कि हमारा ऐसा ही साथ हमेशा बना रहे। ऐसे ही हमें उनका प्यार मिलता रहे। लोगों के कर्ज तो उतर जाते हैं लेकिन हमारे इलाके की जनता ने जो अहसान किया है, वह कभी नहीं उतरेगा। उनके लिए हम अहसानमंद रहेंगे और उनकी सेवा करेंगे। पहले से अच्छी सेवा करेंगे।’
जानें किस क्षेत्र की पार्षद हैं शकीला बेगम
एनबीटी की रिपोर्ट के मुताबिक शकीला बेगम तीसरी बार एमसीडी में पार्षद बनी हैं। इस बार सीलमपुर वार्ड नंबर 225 से उन्होंने बतौर निर्दलीय उम्मीदवार जीत हासिल की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सीमा शर्मा को 4,262 वोटों के अंतर से हराया। शकीला बेगम को 10,830 वोट मिले जबकि सीमा शर्मा को 6568 वोट मिले। आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार नसरीन बानो यहां लड़ाई में भी नहीं थीं।
इस वार्ड से असदुद्दीन औवैसी की पार्टी AIMIM ने भी ताल ठोकी थी। AIMIM से शबनम तो कांग्रेस से मुमताज उम्मीदवार थीं। शकीला बेगम का निर्दलीय जीत हासिल करना ही बताता है कि उनका अपने इलाके में सियासी तौर पर कितना दबदबा है। 2017 के चुनाव में भी शकीला बेगम ने सीलमपुर से जीत हासिल की थी। हालांकि, तब वह बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर लड़ी थीं। पिछले चुनाव में भी उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार को ही मात दी थी। तब जीत का अंतर 2400 वोट का था। शकीला बेगम को तब 10,159 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहीं बीजेपी की सीमा को 7,759 वोट मिले थे।
यहां देखें वीडियो