Lucknow: रूमी दरवाजे के नीचे से अब नहीं गुजरेंगे भारी वाहन, देखें क्या होगा विकल्प, छोटे वाहनों के लिए क्या लागू हुआ नियम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित रूमी दरवाजा के नीचे से अब भारी वाहन नहीं गुजर सकेंगे। इसी के साथ छोटे वाहनों के लिए भी नया नियम लागू किया गया है। बुधवार से ही भारी वाहन इसके नीचे से नहीं गुजर सकेंगे।
बता दें कि रूमी दरवाजा पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। इसी के चलते भारी वाहनों का आवागमन नीचे से प्रतिबंधित कर दिया गया है। बुधवार से भारी वाहन रूमी गेट के नीचे से नहीं गुजरेंगे। वहीं, छोटे वाहनों का आवागमन गेट के बगल में बनी रैम्प से होगा। यह जानकारी मंगलवार को डीसीपी ट्रैफिक रईस अख्त ने दी।
देखें क्या रहेगा भारी वाहनों का आवागमन मार्ग
चौक की ओर से आने वाले बड़े वाहन रूमी गेट की ओर नहीं जा सकेंगे। यह वाहन रूमी गेट पुलिस चौकी चौराहे से सीधे नए पक्के पुल से दाहिने बंधा रोड के रास्ते से जा सकेंगे।
डालीगंज से चौक की ओर जाने वाले भारी वाहन टीले वाली मस्जिद के रास्ते नए पक्के पुल से होकर जा सकेंगे।
देखें छोटे वाहनों का आवागमन मार्ग क्या होगा
चौक की ओर से आने वाले छोटे वाहन रूमी गेट के बगल में बने रैम्प-वे से होकर निकल सकेंगे।
डालीगंज की ओर से आने वाले वाहन भी रैम्प के नीचे से होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
60 फीट है इसकी ऊंचाई
इतिहास के जानकारों की मानें तो लखनऊ में बड़ा इमामबाड़ा की तर्ज पर ही रूमी दरवाजे का निर्माण भी अकाल राहत प्रोजेक्ट के अन्तर्गत किया गया था। नवाब आसफउद्दौला ने यह दरवाजा 1783 ई. में अकाल के दौरान बनवाया था, ताकि लोगों को रोजगार मिल सके। अवध वास्तुकला के प्रतीक इस दरवाजे को तुर्किश गेटवे कहा जाता है। रूमी दरवाजा कांस्टेनटिनोपल के दरवाजों के समान दिखाई देता है। यह इमारत 60 फीट ऊंची है। इसे देखने के लिए पर्यटक अन्य देशों से भी लखनऊ आते हैं। (फोटो-सोशल मीडिया)