UP Accident: स्कूल जाते वक्त सड़क हादसे के शिकार हुए आधा दर्जन से अधिक परिषदीय शिक्षक, कई दुर्घटनाएं दो दर्जन से अधिक लोग गम्भीर रूप से घायल, देखें दर्दनाक तस्वीरें
लखनऊ। कड़ाके की ठंड के साथ ही घना कोहरा शुरू होते ही उत्तर प्रदेश (UP) के जिलों से सड़क हादसों की खबरे सामने आने लगी हैं। यूपी में मंगलवार सुबह कोहरे के चलते अयोध्या, सीतापुर, कानपुर देहात, हरदोई और बाराबंकी में हुए अलग-अलग हादसों में बच्चों सहित तीस से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं कानपुर देहात में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। तो वहीं सीतापुर में मिश्रिख-सिधौली रोड पर एक कार आगे चल रही डीसीएम में जा घुसी, जिसमें चालक सहित सात परिषदीय शिक्षक गम्भीर रूप से घायल हो गए।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक अयोध्या के रौनाही टोल प्लाजा पर मंगलवार सुबह डबल डेकर बस पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोल प्लाजा के आठ नंबर बूथ के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान बस में सवार 15 लोग घायल हो गए। वहीं तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल यात्रियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। टोल मैनेजर ने बताया कि आरटीओ की गाड़ी बस का पीछा कर रही थी। जिसके चलते तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा के बूथ में जा घुसी। यहां आरटीओ विभाग सेल टैक्स लगातार चेकिंग लगाते हैं। जबकि टोल प्लाजा के 500 मीटर रेंज में चेकिंग लगाने का परमिशन नहीं है। बता दें कि बस दिल्ली से बिहार के दरभंगा जा रही थी।

वहीं मिश्रिख के अलग-अलग परिषदीय स्कूलों में पढ़ाने वाले करीब सात शिक्षकों के भी घायल होने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि ये सभी स्कूल जा रहे थे। घायलों में सात शिक्षक और चालक शामिल हैं जोकि स्कूल जा रहे थे। इलाज के लिए मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। एक शिक्षक व चालक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि शिक्षकों की कार मिश्रिख-सिधौली रोड पर कल्ली चौराहे से आगे तरसावां-काशीपुर मोड़ के पास आगे चल रही डीसीएम में जा घुसी थी।
देखें कौन-कौन हुआ हादसे का शिकार
हादसे में सिधौली निवासी शिक्षक सिद्धार्थ मिश्र, किरन यादव, अर्पिता यादव, प्रदीप यादव, धर्मेंद्र यादव, शालिनी वैश्य, ऋषि त्रिपाठी व कार चालक सरवन पुत्र नंद किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिश्रिख लाया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद चालक सरवन और शिक्षक ऋषि त्रिपाठी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का सीएचसी पर इलाज हो रहा है। बताया जा रहा है कि शिक्षिका शालिनी वैश्य को हल्की चोट आई है।
कानपुर देहात में हादसा
मीडिया सूत्रों के मुताबिक कानपुर देहात के मूसानगर में खनन में लगा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे 35 वर्षीय चालक सुनील कुमार की मौत हो गई। पुलिस शव को लोडर पर लेकर जाने लगी तो मुगल रोड पर परिवारवालों ने घेर लिया व पोस्टमार्टम न करने की मांग कर अड़ गए व हंगामा करने लगे। बताया जा रहा है कि पुलिस का काफी समझाने के बाद वे शांत हुए।