UP Basic Shiksha: घूस लेते BSA गिरफ्तार, वायरल हुआ वीडियो, विजिलेंस टीम की निगाह अब कानपुर सहित प्रदेश के तमाम जिलों के बीएसए कार्यालयों पर, जानें इस जिले से क्या की गई हैं शिकायतें

December 17, 2022 by No Comments

Share News

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में घूस लेते जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (बीएसए) विपिन कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसी के साथ विजिलेंस टीम की नजर अब प्रदेश के अन्य जिलों के बीएसए कार्यालय पर भी जम गई है। इसमें सबसे ऊपर कानपुर जिले का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि यहां सालों से जमे बाबुओं के खिलाफ भी शिकायत की गई है। सम्भावना जताई जा रही है कि किसी भी भेष में विजिलेंस टीम यहां भी छापा मार सकती है।

वहीं बता दें कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घूस लेते बीएसए को गिरफ्तार दिखाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सेवानिवृत्त शिक्षक से एरियर भुगतान के बीएसए विपिन कुमार तिवारी ने 10 प्रतिशत रिश्वत मांगी थी। शुक्रवार को शाम छह बजे शिक्षक को दफ्तर बुलाया। इसी बीच कानपुर से पहुंची विजिलेंस की टीम ने बीएसए को 50 हजार रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।बीएसए को दफ्तर से पकड़ कर कोतवाली लाया गया। जहां से कागजी कार्रवाई के बाद टीम उन्हें अपने साथ कानपुर ले गई है। सहायल क्षेत्र के बगियापुर के ऐडिड महर्षि दयानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक रहे राधा चरन का सितंबर 2012 से अप्रैल 2018 तक का एरियर का करीब 50 लाख रुपया बकाया था।

सूत्रों के मुताबिक विद्यालय का कोई विवाद कोर्ट में चल रहा था। इसमें छह साल तक मामला कोर्ट में चलता रहा। शिक्षक 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। तब से लगातार बकाया भुगतान को लेकर बीएसए कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। भुगतान न होने पर शिक्षक ने कोर्ट की शरण ली थी, जिसमें फरवरी 2022 में कोर्ट से आदेश भी हुआ था। रुपये के लेनदेन न हो पाने के चलते शिक्षक का भुगतान नहीं किया जा रहा था। इसी सिलसिले में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भुगतान करने के नाम पर कुल भुगतान का 10 प्रतिशत रुपये की मांग की थी।

यहां लिंक पर जाकर देखें वीडियो

मीडिया सूत्रों के मुताबिक इसी मामले में बीएसए ने शिक्षक को शुक्रवार शाम छह बजे के बाद दफ्तर बुलाया था। इसमें शिक्षक ने पहले से विजिलेंस कानपुर को जानकारी दे रखी थी। इसको लेकर अलर्ट हुई टीम शाम को औरैया पहुंची। कलेक्ट्रेट से दो कर्मचारियों को साथ लेने के बाद शाम छह बजे टीम बीएसए दफ्तर जा पहुंची। पहले शिक्षक को रुपये लेकर भेजा गया। जैसे ही शिक्षक ने दफ्तर में बैठे बीएसए को रुपये दिए, उसी समय टीम ने उन्हें 50 हजार रुपये के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। इस संबंध में सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने बताया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी के खिलाफ विजिलेंस टीम रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर कागजी कार्रवाई कर रही है।

बताया जा रहा है कि बीएसए को पकड़ने के लिए विजिलेंस टीम को करीब तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। दरअसल रिश्वतखोर बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार तिवारी अचानक निरीक्षण पर चले गए थे। इसी वजह से विजीलेंस टीम को तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। विपिन कुमार ने जून 2022 में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद से स्थानांतरित होकर औरैया बीएसए का चार्ज संभाला था।

कानपुर से भी शिक्षकों ने की है शिकायत
जानकारी मिली है कि कानपुर जिले के बीएसए कार्यालय में सालों से बाबू एक ही पटल पर डटे हुए हैं और जमकर उगाही कर रहे हैं। इसकी शिकायत भी विजिलेंस में दी गई है। जानकारी सामने आ रही है कि कई बाबू ऐसे हैं, जिनके ऊपर आय से अधिक सम्पत्ति की भी शिकायत की गई है। फिलहाल देखना ये है कि आखिर कब और किस भेष में टीम यहां का भांडाफोड़ करती है।